
बेंजामिन नेतन्याहू Photo - @israeliPM
Benjamin Netanyahu: फ्लाईदुबई की फ्लाइट के मामले में लगातार नए अपडेट आ रहे है। इसी बीच इजरायल के प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू (Benjamin Netanyahu) ने कहा है कि दुबई से इजरायल जा रही फ्लाइट को क्रैश कराने की कोशिश करने वाला सह-पायलट इस्लामी कट्टरपंथी सोच से प्रभावित था। नेतन्याहू ने गुरुवार को फॉक्स न्यूज को दिए इंटरव्यू में यह बात कही।
नेतन्याहू ने कहा कि यह बताना अभी जल्दबाजी होगी कि सह-पायलट का ईरान से कोई संबंध था या नहीं। उन्होंने कहा कि आने वाले कुछ दिनों में इस बारे में ज्यादा जानकारी सामने आ सकती है। उनके मुताबिक, अभी यह कहना संभव नहीं है कि उसका किसी अन्य व्यक्ति या संगठन से भी कोई संबंध था।
नेतन्याहू ने यह भी कहा कि सह-पायलट के बारे में यह स्पष्ट दिखाई देता है कि वह आत्मघाती हमले का इरादा रखता था। साथ ही इस बात पर भी जोर दिया कि इस घटना को कट्टरपंथी विचारों के साथ देखा जाए तो इसके पीछे की वजह को समझने में कुछ संकेत मिलते हैं।
नेतन्याहू ने कहा कि इस घटना के पीछे की पूरी वजह अभी तय नहीं हुई है। लेकिन सह-पायलट ने इस्लामी कट्टरपंथी विचारों से जुड़ी शिक्षा हासिल की थी। उन्होंने बताया कि जांच जारी है और यह पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि सह-पायलट के इस कदम के पीछे क्या कारण था।
उन्होंने कहा की जांच टीम ने अभी इस मामले में कोई अंतिम निष्कर्ष नहीं निकाला है। इजरायल, UAE और सऊदी अरब इस घटना से जुड़ी जांच कर रहे हैं। UAE ने यह भी पता लगाने के लिए जांच शुरू की है कि घटना का किसी आतंकी गतिविधि से संबंध था या इसमें पहले से कोई योजना या निर्देश शामिल था।
यह मामला बुधवार को फ्लाईदुबई की फ्लाइट एफजेड1073 का है। विमान दुबई से तेल अवीव (इजरायल) जा रहा था। यात्रा के दौरान सह-पायलट ने दूसरे पायलट पर हमला किया और विमान को नीचे ले जाने की कोशिश की। इस दौरान यात्रियों ने सह-पायलट को काबू कर लिया। विमान में मौजूद रिजर्व क्रू ने बाद में विमान को सुरक्षित रूप से सऊदी अरब के तबुक एयरपोर्ट पर उतारा।
Updated on:
01 Oct 2026 07:45 pm
Published on:
01 Oct 2026 07:13 pm
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.
