20 मई 2026,

बुधवार

Patrika Logo
home_icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

‘पापा! मुझे ले जाओ, ये लोग मार डालेंगे’, आखिरी कॉल पर रोई बेटी

Amroha Dowry Death: यूपी के अमरोहा में ट्विशा जैसा खौफनाक मामला आया सामने। शादी के सिर्फ 3 महीने बाद 19 साल की पुष्पेंद्री की संदिग्ध मौत। मरने से ठीक पहले पिता को फोन कर कहा था- 'पापा मुझे बचा लो।' पढ़ें पूरी खबर...

2 min read
Google source verification
Amroha dowry death, Amroha Dowry Death Pushpendri Case

मृतका पुष्पेंद्री | फोटो सोर्स- X

Amroha Dowry Death: उत्तर प्रदेश के अमरोहा से एक ट्विशा कांड जैसा मामला सामने आया है। यहां एक 19 साल की नई-नवेली दुल्हन की संदिग्ध हालत में मौत हो गई। मौत से ठीक कुछ देर पहले बेटी ने रोते हुए अपने पिता को फोन किया था और अपनी जान बचाने की गुहार लगाई थी। लेकिन जब तक पिता अपनी बेटी को लेने पहुंचता, तब तक बहुत देर हो चुकी थी। लड़की के परिवार वालों का आरोप है कि दहेज के लालची ससुराल वालों ने उनकी बेटी को मारकर फंदे से लटका दिया ताकि यह आत्महत्या लगे।

आखिरी फोन कॉल, 'पापा, मुझे यहां से ले जाओ…'

घटना अमरोहा के गजरौला इलाके के बागड़पुर छोईया गांव की है। खुमावली गांव के बलवीर सिंह के मुताबिक, मंगलवार शाम करीब 6:30 बजे उनकी बेटी पुष्पेंद्री का फोन आया था। फोन पर पुष्पेंद्री बहुत ज्यादा रो रही थी। उसने डरी हुई आवाज कहा कि पापा, मुझे जल्दी से यहां से ले जाओ, ये लोग मुझे जान से मार डालेंगे। इस पर उन्होंने समझाते हुए कहा कि वह अगली ही सुबह उसे लेने आ रहे हैं। इसके कुछ ही देर बाद एक रिश्तेदार महिला का फोन आया। महिला ने बताया कि पुष्पेंद्री की मौत हो चुकी है और उसकी लाश फंदे पर लटकी मिली है।

लाश छोड़कर भागे आरोपी, हंगामा

बेटी की मौत की खबर मिलते ही जब मायके वाले ससुराल पहुंचे, तो वहां कोई नहीं था। ससुराल के सारे लोग घर खुला छोड़कर भाग चुके थे। बेटी का शव देखकर परिवार में कोहराम मच गया। गुस्साए घर वालों ने आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग को लेकर शव को उठाने से मना कर दिया। इस दौरान उनकी पुलिस से भी तीखी बहस हुई। माहौल बिगड़ता देख बड़े पुलिस अधिकारी और पूरी टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने समझा-बुझाकर और आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई का आश्वासन देकर परिजनों को शांत कराया। इसके बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा।

शादी के सिर्फ 3 महीने बाद ही उजाड़ दी दुनिया

पुष्पेंद्री की शादी इसी साल 13 फरवरी को ओमपाल नाम के युवक से हुई थी। पिता ने अपनी हैसियत के हिसाब से बेटी को खूब दान-दहेज दिया था। शादी में ट्रैक्टर, सोने-चांदी के जेवर, कैश और सारा घरेलू सामान दिया गया था। इसके बावजूद ससुराल वाले खुश नहीं थे। आरोप है कि शादी के बाद से ही पति, सास, ससुर और जेठ मिलकर पुष्पेंद्री को मायके से 10 लाख रुपये कैश लाने के लिए लगातार प्रताड़ित कर रहे थे।

पुलिस का क्या कहना है?

पुलिस अधिकारी ने बताया कि नवविवाहिता की मौत के मामले की जांच की जा रही है। पोस्टमार्टम की रिपोर्ट आने के बाद मौत की सही वजह पता चलेगी, जिसके आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।