
तीनों बहनों ने CWC के सामने कहा- यह शादी नहीं, सिर्फ प्रैंक था (X Photo)
Amroha News: अमरोहा में एक युवक से तीन बहनों की शादी का मामला अब नया मोड़ ले चुका है। सोशल मीडिया पर वायरल हुए वीडियो को लेकर सोमवार को बाल कल्याण समिति (CWC) के सामने तीनों बहनों ने बयान दिया कि उन्होंने कोई शादी नहीं की थी। उनका दावा है कि यह वीडियो केवल सोशल मीडिया पर फॉलोअर्स बढ़ाने और लोकप्रियता हासिल करने के लिए बनाया गया एक प्रैंक था। इससे पहले तीनों ने अपनी मर्जी से एक ही युवक से शादी करने की बात कही थी, लेकिन अब उनके बदले बयान के बाद पूरे मामले ने नया मोड़ ले लिया है।
हसनपुर कोतवाली क्षेत्र के धोरिया गांव की रहने वाली दो सगी बहनें अलका और देविका अपनी मौसेरी बहन के साथ कई सालों से रह रही हैं। तीनों सोशल मीडिया और यूट्यूब पर कॉमेडी और मनोरंजन से जुड़े वीडियो बनाती हैं। उनके यूट्यूब चैनल पर करीब चार लाख फॉलोअर्स हैं। 17 जुलाई को सोशल मीडिया पर एक वीडियो वायरल हुआ, जिसमें तीनों बहनें अपने कैमरामैन के साथ मंदिर में सात फेरे लेती हुई दिखाई दी थीं। वीडियो सामने आने के बाद तीनों ने दावा किया था कि उन्होंने अपनी मर्जी से एक ही युवक से शादी की है। हालांकि, अब उन्होंने एक नया वीडियो जारी कर कहा है कि यह सब केवल एक प्रैंक था और उन्होंने किसी से शादी नहीं की थी।
वायरल वीडियो को लेकर दावा किया गया कि शादी चामुंडा देवी मंदिर में हुई थी। हालांकि मंदिर प्रशासन ने इस दावे को शुरुआत में ही खारिज कर दिया था। इसके बावजूद वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से फैलता रहा और लोगों के बीच इस शादी को लेकर बहस शुरू हो गई।
सोमवार को तीनों लड़कियां बाल कल्याण समिति के सामने पेश हुईं। यहां उन्होंने पहले किए गए दावों से पूरी तरह अलग बयान दिया। उन्होंने कहा कि उन्होंने किसी से शादी नहीं की है। तीनों लड़कियों ने बताया कि वायरल वीडियो सिर्फ सोशल मीडिया कंटेंट था। उनका कहना था कि इंस्टाग्राम और अन्य सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर फॉलोअर्स बढ़ाने और लोगों का ध्यान आकर्षित करने के लिए अपने कैमरामैन के साथ शादी जैसा वीडियो बनाया गया था। लोगों ने उसे असली शादी समझ लिया, जबकि ऐसा कुछ भी नहीं हुआ था।
शादी को लेकर विवाद जारी था कि इसी बीच तीनों बहनों में से मौसेरी बहन की हाईस्कूल की मार्कशीट सामने आने का दावा किया गया। मार्कशीट के आधार पर उसकी उम्र करीब 15 साल बताई गई। इसके बाद मामला और गंभीर हो गया। नाबालिग की शादी की आशंका को देखते हुए बाल कल्याण समिति (CWC) ने स्वत संज्ञान लिया और तीनों लड़कियों को नोटिस जारी कर तलब किया। समिति ने कहा था कि पूरे मामले की जांच की जाएगी और यदि नाबालिग की शादी की पुष्टि होती है तो नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
Updated on:
27 Jul 2026 08:26 pm
Published on:
27 Jul 2026 08:26 pm
