
दो दोस्तों को पीएम मोदी का मजाक बनाना पड़ा भारी, पुलिस ने भेजा जेल
अमरोहा: जनपद के देहात थाना क्षेत्र में दो दोस्तों को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का मजाक बनाना और फिर उसका वीडियो बनाकर वायरल करना महंगा पड़ गया। वीडियो वायरल होते ही भाजपा कार्यकर्ताओं ने इसे आपत्तिजनक माना और पुलिस में शिकायत कर दी। जिसके बाद पुलिस ने वीडियो चेक कर आरोप सही पाए और दोनों को मुकदमा दर्ज कर जेल भेज दिया।
ऐसे बनाया वीडियो
मामला जनपद के देहात थाना क्षेत्र के गांव बदावाला का है। यहां जोया रोड पर गांव हुसैनपुरा निवासी मरगूब व मुहल्ले के ही शुभम की दुकानें हैं। दोनों दोस्त भी हैं। जानकारी के मुताबिक दो दिन पहले दोनों दोस्त बैठे हुए हंसी-मजाक कर रहे थे। उनके बीच राजनीति की बातें शुरू हो गई। हंसी मजाक में ही दोनों ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के संबंध में आपत्तिजनक टिप्पणी शुरू कर दीं। इसी बीच शुभम ने इसका वीडियो बना लिया।
वायरल हो गया वीडियो
सुबह यह वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया। इस वीडियो को देख कर कुछ संगठनों से जुड़े कार्यकर्ताओं को आपत्ति हुई और वह देहात थाने पहुंचे और शिकायत दर्ज कराई। इतना ही नहीं अधिकारियों को भी अवगत कराया। इस पर पुलिस सक्रिय हो गई। वीडियो का सच पता लगाने के लिए दोनों दोस्तों को पकड़ लाई और पूछताछ की।
दोनों गिरफ्तार
एसओ देहात किरनपाल सिंह ने बताया मामले को गंभीरता से लेते हुए जांच की गई तो मरगूब व शुभम को आरोपित पाया। दोनों को गिरफ्तार कर लिया। दोपहर बाद मुकदमा दर्ज कर चालान दिया। एसओ ने बताया आरोपितों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जेल भेज दिया है। वहीँ इन दोनों दोस्तों की गिरफ्तारी के बाद लोगों में सोशल मीडिया में मजाक को लेकर हडकंप मचा हुआ है।
Updated on:
22 Mar 2019 09:17 am
Published on:
22 Mar 2019 09:17 am
