9 अगस्त 2026,

रविवार

Patrika Logo
home_icon

होम

इनस्टॉल ऐप

ई-पेपर

video_icon

शॉर्ट्स

profile_icon

प्रोफाइल

Ashoknagar News: ‘हरिद्वार से आया हूं…, आपके बेटे पर बड़ा संकट है’, बातों में फंसाकर BJP नेता की मां से उतरवाए सोने के जेवर

BJP leader mother cheated: ठगों ने बेटे पर संकट का डर दिखाकर BJP नेता की 60 वर्षीय मां को झांसे में लिया और करीब 10 लाख रुपए के सोने के जेवर लेकर फरार हो गए।
3 min read
Google source verification
bjp leader mother cheated gold jewellery 10 lakh haridwar fraud

Ashoknagar Gold Jewellery Fraud: भाजपा नेता की मां से ठगों ने लुटे 10 लाख के सोने के गहने (फोटो सोर्स- Patrika)

Gold Jewellery Fraud: मध्य प्रदेश के अशोकनगर शहर में शनिवार को ऐसी वारदात हुई जिसने न सिर्फ आम जनता बल्कि पुलिस की भी नींद उड़ा दी है। शातिर ठगों ने फिल्मी स्टाइल में 60 वर्षीय महिला को अपने जाल में फंसाया और बातों ही बातो में करीब 10 लाख रुपए के सोने के जेवर और नकदी लेकर भाग गए। ठगी का शिकार हुई महिला भाजपा शहर मंडल अध्यक्ष प्रांजल जैन की मां अनंतदेवी जैन है। घटना के बाद से शहर में हडकंप मच गया है और थाने में भाजपा नेताओं का जमावड़ा लग गया। पुलिस ने मामला दर्ज कर सीसीटीवी फुटेज के आधार पर चार संदिग्धों की तलाश शुरु कर दी है।

बेटे पर संकट का डर बताकर महिला को झांसे में फंसाया

विवेक टॉकीज गली निवासी अनंतदेवी जैन (60) पत्नी स्व. पदम जैन सुबह 6 बजे सुभाषगंज जैन मंदिर गई थीं। करीब 7 बजे वह दर्शन कर वापस लौटीं और अपने घर के बाहर स्थित अपनी कपड़े की दुकान के पास खड़ी थीं। तभी एक अज्ञात व्यक्ति आया और खुद को हरिद्वार का बताया। ठग उनसे बात कर ही रहा था कि तभी उसका एक अन्य साथी वहां पहुंच गया, जिसने खुद को महावीर कॉलोनी का निवासी बताया। हरिद्वार वाले ठग ने दूसरे युवक (अपने साथी) से कहा कि तुम्हारी मां को दो बार हार्ट अटैक आ चुका है और वह मुश्किल से बची है। यह सुनकर दूसरे युवक ने नाटक करते हुए ठग के हाथ जोड़ लिए और कहा आप तो बहुत पहुंचे हुए है। इस ड्रामे से अनंत देवी का विश्वास ठग पर जम गया। ठग ने अनंत देवी से कहा कि आपके पति की मृत्यु को 9 साल हो गए है और अब आपके पुत्र पर संकट मंडरा रहा है। बेटे पर संकट की बात सुनकर वह डर गई।

सोना पहनकर जल चढ़ाया तो रुष्ट हो जाएंगी देवी

महिला को खौफजदा देख ठग ने उपाय बताते हुए कहा कि माता रानी आपसे रुष्ट हैं, उन्हें जल चढ़ाना होगा। महिला ने घर से जल लाने की बात कही, तो ठग ने मना करते कहा कि बाहर का जल ही चढ़ेगा। इसके बाद दो बार हाथ टच किया, जिससे महिला उसकी बातों में उलझ गई। ठगों के साथ वह रेलवे स्टेशन रोड की तरफ चल दीं। 10 रुपए महिला ने और 10 रुपए ठग ने मिलाकर एक पानी की बोतल खरीदी। रास्ते में ठगों ने जानबूझकर रास्ता बदला और सुभाषगंज गेट से होते हुए वापस महिला के घर के पास पहुंचे। जहां ठग ने कहा कि आपके शरीर से सोना टथ हो रहा है, इसलिए आपका जल स्वीकार नहीं होगा।

70 ग्राम सोने के जेवर उतरवाए और हो गए गायब

बातों में उलझी अनंत देवी ने 25 ग्राम की सोने की चेन, 40 ग्राम के सोने के कंगन और 5 ग्राम की अंगूठी व पेंडल उतारकर अपने पर्स में रख ली। पर्स में 3 हजार रुपए नकद भी थे। ठग ने चालाकी से कहा कि यह पर्स इस दूसरे युवक को पकड़ा दो और सीधे आगे चलो, पीछे मुड़कर मत देखना। महिला जैसे ही कुछ कदम आगे बढ़ीं और पीछे मुड़‌कर देखा, तो दोनों ठग गायब थे। तब जाकर उन्हें अपने साथ हुई लूट का अहसास हुआ और वह घबराकर घर पहुंचीं। बाद में आसपास तलाश की, लेकिन तब तक ठग वारदात कर भाग चुके थे।

वारदात से उठने लगे हैं सवाल

यह घटना शहर की सुरक्षा व्यवस्था और लोगों में फैल रहे अंधविश्वास पर गंभीर सवाल खड़े करती है। सुबह 7 बजे मुख्य बाजार में एक बुजुर्ग महिला को इस तरह हिप्नोटाइज कर या मनोवैज्ञानिक दबाव बनाकर 10 लाख की ठगी कर लेना, अपराधियों के हौसले बुलंद होने का प्रमाण है। अब देखना यह है कि सीसीटीवी फुटेज के सहारे पुलिस इन शातिर ठगों तक कितनी जल्दी पहुंच पाती है।

यह भी खास

  • इस हाई-प्रोफाइल मामले की जानकारी मिली तो भाजपा के कई पदाधिकारी व नेता कोतवाली पहुंच गए, जहां पर शिकायत पर पुलिस ने प्रकरण दर्ज कर लिया है।
  • पुलिस ने शहर के कई सीसीटीवी खंगाले हैं, जिसमें चार संदिग्ध नजर आ रहे हैं और उन में से दो ठगों को महिला ने पहचान लिया है जो अलग-अलग बाइक से थे।
  • फुटेज के आधार पर पता चला कि वारदात को अंजाम देने वाले आरोपी रोड तरफ से आए थे और वह विदिशा रोड की तरफ भागे हैं, जो बाहर के होना बताए जा रहे हैं।
  • बीच शहर में सुबह और घर के ठीक सामने इस तरह से लाखों रुपए की ठगी की वारदात से शहर में हड़कंप मच गया है, इसे पेशेवर गिरोह का काम माना जा रहा है।

पुलिस जांच में जुटी, चार संदिग्धों की चल रही तलाश

मामले में प्रकरण में दर्ज कर लिया गया है, सीसीटीवी में चार संदिग्ध नजर आए हैं जो हेलमेट लगाए हुए हैं। जो गुना रोड तरफ से आए और विदिशा रोड तरफ गए हैं। आरोपियों की तलाश के लिए टीमें रवाना कर दी हैं और अन्य सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं। जल्द आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।- रविप्रतापसिंह चौहान, प्रभारी कोतवाली थाना, अशोकनगर