25 जून 2026,

गुरुवार

Patrika Logo
home_icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

‘MP04ZN0796’ से लॉन्ग ड्राइव बनी आखिरी सफर, अशोकनगर में रात के सन्नाटे में हुआ खूनी अंत

Two dead bodies found: इस घटना ने पूरे इलाके में सनसनी फैला दी है क्योंकि वारदात की जगह से जो चीजें बरामद हुई हैं, वो पुलिस और फॉरेंसिक टीम को भी चौंका रही हैं।
2 min read
Google source verification
Two dead bodies found: 3-4 सालों से प्रेम प्रसंग में थे रितिक-मुस्कान (Photo Source - Patrika)

Two dead bodies found: 3-4 सालों से प्रेम प्रसंग में थे रितिक-मुस्कान (Photo Source - Patrika)

Ashoknagar crime News: इश्क का सफर जब मौत की दहलीज पर खत्म होता है, तो पीछे छूट जाते हैं सिर्फ खून से सने अनसुलझे सवाल। अशोकनगर में बुधवार-गुरुवार की रात एक ऐसा ही रूह कंपा देने वाला मंजर सामने आया, जहां एक कार दो जवां धड़कनों की कब्रगाह बन गई। कार के अंदर 24 साल की मुस्कान और 26 साल के रितिक की खून से लथपथ लाशें मिलीं।

उनके पास पड़ी एक पिस्टल, एक कुल्हाड़ी और जहर की पुड़िया भी मिली है जो चीख-चीख कर किसी गहरी साजिश या खौफनाक अंत की गवाही दे रही थीं। क्या यह एक सुसाइड था ? या फिर प्यार में रची गई कोई खूनी साजिश ? इस हाई-प्रोफाइल और सनसनीखेज मामले की गंभीरता को देखते हुए एसपी राजीवकुमार मिश्रा ने तत्काल एक विशेष जांच टीम (एसआइटी) का गठन कर दिया है।

एक लॉन्ग ड्राइव, जो बन गई आखिरी सफर

जानकारी के मुताबिक, 24 जून की रात करीब 8:15 बजे सोनी कॉलोनी निवासी 24 वर्षीय मुस्कान जैन अपने 26 वर्षीय ब्वॉयफ्रेंड रितिक सोनी (निवासी एफसीआई के पास) के साथ उसकी नारंगी रंग की कार से इमला की ओर निकली थी। किसी को अंदाजा नहीं था कि यह सफर उनका आखिरी सफर होगा। देर रात टोल प्लाजा के ठीक पहले सड़क किनारे यह कार संदिग्ध हालत में खड़ी मिली। जब पुलिस ने कार का दरवाजा खोला, तो अंदर का नजारा किसी हॉरर फिल्म से कम नहीं था… दोनों खून से लथपथ पड़े थे और उनकी सांसें थम चुकी थीं।

मौत के साजो-सामान: पिस्टल, कुल्हाड़ी और जहर

इस घटना ने पूरे इलाके में सनसनी फैला दी है क्योंकि वारदात की जगह से जो चीजें बरामद हुई हैं, वो पुलिस और फॉरेंसिक टीम को भी चौंका रही हैं। पुलिस ने घटनास्थल से बरामद किया है:

​- एक पिस्टल
​- एक कुल्हाड़ी
​- सल्फास (जहर) का पैकेट
​- तीन मोबाइल फोन और एक लाइटर
​- एक सुसाइड नोट

ये है सबसे बड़ा सवाल

अगर यह सिर्फ आत्महत्या थी, तो कार में पिस्टल और कुल्हाड़ी जैसे हथियारों का क्या काम था? क्या रितिक ने पहले मुस्कान को मौत के घाट उतारा और फिर खुद की जान ले ली? या इस कहानी में कोई तीसरा किरदार भी है। फिलहाल, 3 मोबाइलों का डेटा और कॉल डिटेल्स इस खौफनाक मौत के राज खोलने में सबसे अहम कड़ी साबित हो सकते हैं। पूरा शहर इस वक्त सदमे में है और हर जुबान पर बस एक ही सवाल है…आखिर उस नारंगी कार में उस काली रात को हुआ क्या था?

सुसाइड नोट में क्या है ?

प्रारंभिक जांच में यह बात सामने आई है कि मुस्कान और रितिक पिछले 3-4 सालों से प्रेम प्रसंग में थे। मौके से एक सुसाइड नोट भी मिला है, जिसमें मृतक रितिक सोनी द्वारा आत्महत्या करने की बात लिखी गई है। लेकिन हथियारों की मौजूदगी और रक्तरंजित लाशें इस सुसाइड थ्योरी को उलझा रही हैं।

एक्शन में पुलिस, चप्पे-चप्पे की होगी जांच

मामले के हर पहलू की वैज्ञानिक और तकनीकी आधार पर गहन जांच की जा रही है। घटनास्थल के आसपास के सीसीटीवी फुटेज और मृतकों के डिजिटल साक्ष्य (मोबाइल्स) खंगाले जा रहे हैं। जांच पूरी होने पर जो भी तथ्य सामने आएंगे, उनके आधार पर सख्त वैधानिक कार्यवाही की जाएगी।- राजीव कुमार मिश्रा, एसपी अशोकनगर