
अशोकनगर. अशोकनगर में भारतीय स्टेट बैंक की स्टेशन रोड शाखा में अचानक गोली चलने से हड़कंप मच गया। बीच बाजार स्थित बैंक में चली गोली की आवाज सुनकर आस पास के लोग भी दहशत में आ गए और तुरंत भागते हुए बैंक पहुंचे। बैंक के अंदर जो लोग मौजूद थे वो भी अचानक गोली चलने से दहशत में आ गए। गोली बैंक के सिक्योरिटी गार्ड से गलती से चली थी जो उसे ही जा लगी। गोली चलने की आवाज सुनते ही बैंक के कर्मचारी दौड़कर जब तक गार्ड के पास पहुंचे वो गिर चुका था और खून बिखरा हुआ था। बैंक कर्मियों ने तुरंत गार्ड को अस्पताल पहुंचाया जहां उसका इलाज किया जा रहा है।
ये है पूरी घटना
अशोकनगर में स्टेशन रोड पर स्थित भारतीय स्टेट बैंक की शाखा में उस वक्त हड़कंप मच गया जब बैंक के अंदर तैनात सिक्योरिटी गार्ड से गलती से गोली चल गई। गोली गार्ड के बाएं हाथ औऱ दूसरे हाथ की हथेली में लगी है जिसके कारण उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया है। गार्ड का नाम भानु प्रताप जादौन निवासी गवालियर है जो बैंक के मेन गेट पर ड्यूटी कर रहे थे। अचानक गोली चलने से बैंक में हड़कंप मच गया और बैंक पहुंचे ग्राहक व बैंककर्मी दोनों दहशत में आ गए लेकिन कुछ ही पलों में जब बैंककर्मियों ने गार्ड को खून से लथपथ देखा तो तुरंत उसे उठाकर अस्पताल पहुंचाया। बंदूक कैसे चली अभी ये स्पष्ट नहीं हो पाया है। सिक्योरिटी गार्ड को हालत गंभीर होने के कारण प्राथमिक उपचार के बाद भोपाल रेफर किया गया है।
गोली चलने से मचा हड़कंप
बता दें कि जिस बैंक में गोली चलने की ये घटना हुई वो शहर के व्यस्ततम इलाके में है और पास ही शहर का मेन मार्केट है जहां दिनभर लोगों की भीड़ रहती है। अचानक बैंक के अंदर से गोली चलने की आवाज आने से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई और लोग दहशत में आ गए। कुछ ही देर में बैंक के सामने लोगों की भीड़ जमा हो गई। सिक्योरिटी गार्ड के साथी ने बताया कि बंदूक में पांच गोली लोडेड थी इसी दौरान गलती से ट्रिगर दबने से फायर हो गया और एक गोली चल गई।
Updated on:
9 Sep 2022, 9:22 PM IST
Published on:
9 Sep 2022, 9:21 PM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.