11 नवंबर 2026,

बुधवार

Patrika Logo
home_icon

होम

इनस्टॉल ऐप

ई-पेपर

video_icon

शॉर्ट्स

profile_icon

प्रोफाइल

आजमगढ़ दंगा:  ओवैसी को बताएंगे दंगे की सच्चाई 

पुलिस पर सत्ताधारी दल की शह पर काम करने का लगा आरोप 
2 min read
Follow Patrika on Google News
Google source verification

•

image

Ashish Kumar Shukla

•

Updated: 27 Mar 2016, 8:21 PM IST

owaisi

owaisi

आजमगढ़. जिले के निजामाबाद क्षेत्र में बीते गुरुवार को होली के अवसर पर एक वर्ग विशेष के लोगों पर रंग फेंकने को लेकर हुए बवाल के मद्देनजर पुलिस द्वारा की गई कार्रवाई को लेकर एक वर्ग विशेष के लोगों में आक्रोश व्याप्त है। लोगों ने पुलिस पर एक पक्षीय कार्रवाई का आरोप लगाया है। घटना वाले दिन दो पक्षों के बीच हुए पथराव के दौरान मौके पर स्थिति को नियंत्रित करने पहुंचे निजामाबाद थानाध्यक्ष सुरेश चंद्र यादव के साथ ही कई पुलिस कर्मी भी घायल हो गए। दोनों पक्षों के लोग भी चोटिल हुए।

घटना को लेकर फरिहां प्राथमिक विद्यालय के समीप एक पक्ष के लोगों द्वारा लखनऊ-बलिया राजमार्ग को अवरुद्ध कर दिया गया। इस मामले में घायल व निलंबित किए गए एसओ सुरेश चंद्र यादव की तहरीर पर पुलिस ने आल इंडिया मजलिसे इत्तेहादुल मुसलमीन पार्टी के जिलाध्यक्ष कलीम जामई सहित तीन सौ लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की है। इस बात की जानकारी होने पर क्षेत्र के एक वर्ग विशेष के लोगों में पुलिस के प्रति आक्रोश व्याप्त है।

लोगों का कहना है कि रंग फेंककर उन्माद फैलने वाले लोगों के साथ सत्ता और पुलिस दोनों खड़ी नजर आ रही है। जिन लोगों द्वारा संघर्ष को बढ़ावा दिया गया उन्हें शह दिया जा रहा है। वहीं इस मामले में आरोपित किए गए एआईएमआईएम के जिलाध्यक्ष कलीम जामई ने सत्ता के इशारे पर पुलिस पर भेदभाव का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि पीडि़त पक्ष को न्याय न देकर पुलिस उन्हें ही दोषी ठहराते हुए एक पक्षीय कार्रवाई कर रही है।

उन्होंने कहा कि सोमवार को प्रदेश की राजधानी लखनऊ में पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष व सांसद असदुद्दीन ओवैसी आ रहे हैं। कार्यक्रम में पूरे प्रदेश के कार्यकर्ता जुटेंगे और उनके खिलाफ हुई कार्रवाई के प्रति अगली रणनीति तय की जाएगी। उन्होंने कहा कि सोमवार की शाम पार्टी का प्रतिनिधिमंडल प्रदेश अध्यक्ष शौकत माहुली के नेतृत्व में डीजीपी जाविद अहमद से मिलकर उन्हें घटना से अवगत कराते हुए न्याय मांगेगा। उन्होंने कहा कि आगामी विधानसभा चुनाव में अपनी हार सुनिश्चित होते देख सत्ताधारी पार्टी लोगों को गुमराह करने की कोशिश में जुटी है। जिसे कत्तई कामयाब नहीं होने दिया जाएगा।