चौमूं (जयपुर). कस्बे के लक्ष्मीनाथ चौक स्थित स्टेट बैंक आफ इंडिया की शाखा में गुरुवार सुबह शॉर्ट सर्किट के कारण आग लग जाने से ग्राहकों में अफरा-तफरी मच गई।
सूचना पर बैंक कार्मिकों ने अग्निशमन यंत्रों से तुरंत प्रभाव से आग पर काबू पाया। इससे करीब आधे घंटे तक बैंक कार्य बाधित रहे। जानकार सूत्रों के अनुसार सुबह 11 बजे बैंक शाखा परिसर में बाहरी की तरफ लगे विद्युत मीटर में लोड बढ़ जाने से शॉर्ट सर्किट हो गया, जिससे आग लग गई। इसकी खबर अंदर बैंककर्मियों एवं ग्राहकों को लगने पर अफरा-तफरी मच गई, लेकिन तुरंत ही कुछ प्रशिक्षित कार्मिकों ने अग्निशमन यंत्रों से उस पर काबू पाया। इसके बाद बैंककर्मियों एवं ग्राहकों ने राहत की सांस ली। इससे करीब आधे घंटे तककाम-काज प्रभावित हुआ। सूत्रों की मानें तो यदि विधुत मीटर अंदर लगा होता तो बड़ा हादसा हो सकता था।
इनका कहना है लोड बढ़ जाने से शॉर्ट सर्किट हो गया, जिससे आग लग गई, लेकिन बैंक कर्मचारियों ने अग्निशमन यंत्र की सहायता से तुरंत काबू पा लिया था। किसी भी प्रकार को कोई नुकसान नहीं हुआ। महेन्द्र कुमार, मैनेजर, एसबीआई शाखा चौमूं
नहर के कचरे में आग इधर, कस्बे में विधुत पावर हाउस के सामने नहर के कचरे में गुरुवार दोपहर को आग लग गई। सूचना पर पहुंची दमकल ने आग पर काबू पाया। अग्निशमन केन्द्र के प्रभारी सुरेश यादव ने बताया कि आग लगने की सूचना पर तुरंत पहुंचकर काबू पा लिया था। इस आग में कोई हताहत नहीं हुआ ना ही कोई नुकसान हुआ। आग के कारणों को पता नहीं चला है।