
फूड पॉइजनिंग से मौत, रिपोर्ट का इंतजार, दूषित खाने में क्या था खराब, अब तक नहीं हो पाई पुष्टि
गोविन्दगढ़ (जयपुर). चार दिन पूर्व क्षेत्र के ग्राम बागड़ों का बास में फूड पॉइजनिंग का शिकार हुए परिवार के दस जनों में से गुरुवार देर शाम एक की मौत हो गई। लेकिन अभी तक यह पुष्टि नहीं हो पाई है कि दूषित खाने में कौनसी चीज खराब थी, जिससे मौत हुई। इसकी रिपोर्ट चौथे दिन भी नहीं मिल पाई। उधर, मौत के बाद पूरा परिवार सकते में है। ज्ञात रहे कि फूड पॉइजनिंग से भर्ती हुए परिवार के दस लोगों में छह को छुट्टी मिल चुकी है वहीं तीन जनों का उपचार जारी है। जानकारी के मुताबिक आष्टिकलां के ग्राम बागड़ों का बास स्थित निर्बाणों की ढाणी मेें पोखरमल यादव के घर 14 मई को सुबह 11 बजे भोजन करने के बाद परिवार के लोगों की तबियत बिगडऩा शुरू हो गई। शाम होते-होते एक के बाद एक 10 जनों को उल्टी दस्त की शिकायत के बाद गोविन्दगढ़ सीएचसी में भर्ती कराया, जहां पर प्राथमिक उपचार के बाद बच्चों को जेकेलॉन व अन्य को एसएमएस अस्पताल रैफर कर दिया। इसके बाद परिजनों ने सभी को चौमूं के बराला हॉस्पीटल मेें भर्ती करा दिया। उपचार के दौरान गुरुवार देर शाम ग्राम खपरिया थाना कालाडेरा निवासी कजोड़ यादव पुत्र रामेश्वर लाल की मौत हो गई। शुक्रवार को मृतक का शव पोस्टमार्टम के बाद परिजनों को सौंप दिया।
यह भी पढे:पांच साल पुराने हत्या के प्रयास मामले 10 साल की सजा
बेटी से मिलने आया था
मृतक के भाई लालाराम ने बताया कि खपरिया निवासी कजोड़ यादव अपनी बेटी से मिलने उसके ससुराल बागड़ों का बास आया था। दोपहर को कजोड़ सहित पोखरमल के परिवार वालों ने प्याज की सब्जी, छाछ- राबड़ी व चपाती खाई थी। खाना खाने के बाद सभी की तबीयत बिगडऩा शुरू हो गई। अस्पताल में भर्ती कजोड़ ने चौथे दिन दम तोड़ दिया।
तीन जने जयपुर में भर्ती
एक रिश्तेदार की मौत के बाद चौमूं निजी अस्पताल में भर्ती तीन जनों की हालत में सुधार नहीं होने पर परिवार के लोग उन्हें जयपुर ले गए। शुक्रवार को चौमूं से सीता, हंसा व आशु को जयपुर के एक निजी अस्पताल में भर्ती करवाया। जबकि पोखर, शंकर, मनीष, चेतन, अभिषेक, रेणु, प्रशांत को उपचार के बाद घर भेज दिया।
यह भी पढे:3 सडक हादसे, 3 जनों की मौत, 3 गंभीर घायल
चौथे दिन भी नहीं मिली रिपोर्ट
वहीं फूड पॉइजनिंग के कारण तबीयत बिगडऩे की सूचना पर ब्लॉक मुख्य चिकित्सा अधिकारी ने १४ मई को उच्च अधिकारियों को सूचित किया। इस पर अगले दिन मंगलवार को जयपुर से पहुंची टीम ने सब्जी, आटे व प्याज के नमूने लिए और जांच के लिए लैब में भिजवाया। लेकिन चौथे दिन तक रिपोर्ट नहीं आई जिससे पता चल सके कि भोजन में ऐसा क्या विषाक्त था जिससे मौत हुई।
यह भी पढे:राजमार्ग पर खड़े ट्रक से टकराई एम्बुलेंस
इनका कहना है
मंगलवार को अधिकारियों को सूचित कर दिया था। टीम ने सैंपल लेकर एसएमएस मेडिकल कॉलेज की लैब भेजे हैं, जिनकी रिपोर्ट नहीं आई है। रिपोर्ट में तीन-चार दिन लगते हैं। शनिवार को रिपोर्ट आई तो विषाक्त का पता चल सकेगा।
डॉ. एसके चौपड़ा, ब्लॉक मुख्य चिकित्सा अधिकारी गोविन्दगढ़
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.
Published on:
18 May 2018, 8:40 PM IST
बड़ी खबरें
View Allबगरू
राजस्थान न्यूज़




