चौमूं (जयपुर). थाना क्षेत्र के ग्राम हाड़ौता में वृद्ध की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। बाद में परिजन अंतिम संस्कार के लिए मृतक के शव को लेकर अपने गांव अणतपुरा की ढाणी बोड़ी ले गए और गुपचुप अंतिम संस्कार की तैयारी शुरू कर दी। इसी बीच हत्या की आशंका की सूचना पाकर मौके पर पहुंची अजीतगढ़ पुलिस ने दाह संस्कार रुकवाया। मामला चौमूं थाना क्षेत्र का होने के कारण चौमूं से पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर तीन सदस्यीय मेडिकल बोर्ड से पोस्टमार्टम करवा परिजनों के सुपुर्द किया। जानकारी के अनुसार ग्राम अणतपुरा की ढाणी बोडी निवासी पूरणमल कुमावत (60) पुत्र मनसाराम अपने परिवार के साथ चौमूं थाना क्षेत्र के ग्राम हाड़ौता में रहता था और यहीं मजदूरी करता था। शनिवार रात पूरणमल की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। रविवार सुबह परिजन उसके शव को लेकर अंतिम संस्कार के लिए गांव अणतपुरा की ढाणी बोड़ी ले गए। जब दाह संस्कार के लिए परिजन शव को लेकर श्मशान घाट पहुंचे तो अजीतगढ़ पुलिस ने दाह संस्कार रुकवाकर शव को कब्जे में लिया और बाबा नारायणदास राजकीय सामान्य चिकित्सालय अजीतगढ़ की मोर्चरी में रखवाया। साथ ही मामला चौमूं पुलिस थाना क्षेत्र का होने के कारण इसकी सूचना चौमूं पुलिस को दी। जिस पर चौमूं पुलिस थाने से एसआई रामेश्वर लाल खोखरवहां पहुंचे और परिजनों से पूछताछ के बाद मामला संदिग्ध होने पर पोस्टमार्टम करवाया।