जोबनेर (जयपुर). नवरात्र के दौरान कस्बे की पहाड़ी पर स्थित ज्वाला माता के मेले में रोजाना भक्तों का रैला उमड़ रहा है। मार्ग में विभिन्न समाजों की ओर से यात्रियों के लिए भण्डारे लगाए गए हैं। जहां मनुहार व हाथ जोड़कर अनुनय-विनय के साथ भक्तों को भोजन कराया जा रहा है।
देशभर से मेले में पहुंचने वाले हजारों लोगों के लिए यूं तो आसपास और दूर-दराज के दर्जनों लोग सेवा करने में जुट जाते हैं, लेकिन इनमें एक परिवार ऐसा है जो पिछले 10 वर्ष से मेले के दौरान नि:शुल्क भण्डारे का आयोजन यात्रियों की सेवा कर रहा है। दिल्ली निवासी शिवचरण बसवाल परिवार के 25 अन्य सदस्यों के साथ हर बार नवरात्र के दौरान मेले में आने वाले श्रद्धालुओं को 9 दिन तक भोजन कराकर सेवा करते हैं। खास बात ये है कि इनका पूरा परिवार सुबह उठने से लेकर देर रात तक यात्रियों की सेवा में जुटा रहता है। चाहे वो 4 वर्षीय रणवीर हो या उम्र दराज महिला-पुरुष सदस्य। सबका काम बंटा है और हर व्यक्ति खुशी से कार्य में हाथ बंटाते हैं।