चौमूं (जयपुर)। चौमूं थाना क्षेत्र में शुक्रवार को चोरों ने एक लिमिटेड फाइनेंस कंपनी के ऑफिस को निशाना बनाया, लेकिन कैश ले जाने में सफल नहीं हो पाए। चोर कंपनी के ऑफिस में रखी तिजोरी को सुनसान स्थान पर ले गए, लेकिन उसे तोड़ नहीं पाए। ऐसे में तिजोरी वहीं छोड़ भाग निकले। साथ ही ऑफिस के सीसीटीवी कैमरे, डीवीआर को तोड़ गए और काउंटर पर रखी चेक बुक को जला कर राख कर गए। एसआई रिछपाल ने बताया कि मगध नगर स्थित एक कॉम्पलेक्स में संचालित हिन्दूजा लेय्लैंड फाइनेंस लिमिटेड कंपनी के ऑफिस के पास ही आते-जाते कुछ लोगों ने तिजोरी पड़ी देखी, तो उन्होंने पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने मौके पर जाकर देखा, तो तिजोरी फाइनेंस कंपनी की लगी और कंपनी के ऑफिस के भी ताले टूटे हुए थे। वहीं इस पर पुलिस ने तुरंत फाइनेंस ऑफिस के संचालक बाबूलाल यादव को इसकी जानकारी दी। जानकारी मिलते ही ऑफिस का स्टाफ और थाना प्रभारी जितेन्द्र सिंह सोलंकी वहां पहुंच गए। पुलिस ने ऑफिस के अंदर जाकर देखा, तो वहीं कई कागजात, दस्तावेज और अन्य सामान जला हुआ पड़ा मिला। साथ ही ऑफिस में लगे सीसीटीवी डीवीआर भी टूटे मिले। कई चैक बुक और ग्राहकों के जमा किए चेक भी जले मिले।