
बगरू (जयपुर). कस्बे में लिंक रोड स्थित दी जयपुर सैन्ट्रल को-ऑपरेटिव बैंक की शाखा में सोमवार देर रात चोरों ने बैंक के पीछे बनी दीवार को तोड़कर अन्दर घुसकर चोरी की वारदात को अंजाम देने की कोशिश में पुरानी तिजोरियां तोड़ दी, हालांकि वो खाली मिली, इसके बाद चोरों ने नई तिजारी तोडऩे की कोशिश की, लेकिन काफी कोशिश के बाद भी नहीं टूटने के चलते उनको खाली हाथ लौटना पड़ा। जबकि बैंक की नई तिजोरी में 46 लाख रुपए की नकदी रखी हुई थी, जो सुरक्षित बच गई। बैंक के सीसीटीवी में चोरों की तस्वीर कैद हो गई है, जिसकी पुलिस जांच कर रही है।
यह भी पढे : शातिर चोर गिरफ्तार, होम थियेटर बरामद
ऐसे चला वारदात का पता
जानकारी के अनुसार राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय के खेल मैदान पर मगंलवार सुबह करीब सात बजे जब कुछ युवा खेलने के लिए आए तो बैंक के पीछे की दीवार टूटी दिखी। इस पर उन्होंने आसपास के लोगों व पुलिस को सूचना दी। इस दौरान मौके पर पहुंचे जीएसएस अध्यक्ष विजय चौहान ने बैंक अधिकारियों को घटना से अवगत करवाया। कुछ देर बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने घटना की जानकारी लेकर मौका मुआयना किया तथा बैंक मैनेजर ज्योति शर्मा से पूछताछ की।
यह भी पढे : अवैध बजरी कारोबार के खिलाफ दूसरे दिन भी कार्रवाई
सीसीटीवी में कैद हुई वारदात
बैंक में लगे सीसीटीवी से मिले फुटेज के आधार पर पुलिस ने बताया कि चोर बैंक के अन्दर देर रात करीब डेढ़ बजे घुसे थे। इसके पहले उन्होंने बैंंक के पीछे स्कूल परिसर स्थित बैंक की दीवार तोड़कर वहां लगी लकड़ी की खिड़की को तोड़ा तथा लोहे की ग्रिल हटाकर बैंक की पुरानी बिल्डिंग में घुस गए। इसके बाद चोरों ने उसी कमरे में बनी लकड़ी की खिड़की को तोड़ा तथा खिड़की में लगे लोहे के सरियों को हटाकर बैंक के अन्दर घुस गए। चोरों ने सबसे पहले वहां लगे सीसीटीवी को हटाकर तोड़ दिया तथा दूसरे सीसीटीवी को ऊपर की ओर घुमा दिया। इसके बाद चोर बैंक की केबिन को तोड़कर अन्दर घुसे जहां पर बैंक लॉकर के गेट को तोड़कर उसमें फिट लोहे की तिजोरी को तोडऩे का काफी प्रयास किया, लेकिन तिजोरी के नहीं टूटने व काफी समय होने पर चोर भाग छूटे। जिससे बैंक लॉकर में रखे रुपए सुरक्षित बच गए।
यह भी पढे : टॉक शो: योजनाएं बनाई, लाभार्थी तक पहुंच नहीं पाई
इनका कहना है
बैंक तिजोरी में करीब 46 लाख रुपए रखे हुए थे, जो सुरक्षित बच गए हैं। करीब डेढ़ साल पूर्व भी बैंक में चोरों ने पीछे की कॉर्नर की दीवार को तोड़कर अन्दर घुसने का प्रयास किया था। अब पुरानी बिल्डिंग की तोड़ी गई दीवार व खिड़कियों को बन्द कराकर उस पर ही पक्की दीवार का निर्माण करा दिया गया है।
ज्योति शर्मा, शाखा प्रबंधक, जयपुर सैन्ट्रल को-ऑपरेटिव बैंक, बगरू
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.
Published on:
10 Apr 2018, 7:45 PM IST
बड़ी खबरें
View Allबगरू
राजस्थान न्यूज़




