कालवाड़ (जयपुर). मांचवा गांव में सबरामपुरा-पिंडोलाई मार्ग पर सड़क किनारे जेडीए की ओर से हटाए गए अतिक्रमणों का मलबा हटाने आए जेडीए दस्ते के विरोध में एक महिला ने कोर्ट के स्टे का मौखिक हवाला देते हुए केरोसीन उड़ेल आत्मदाह का प्रयास किया, लेकिन आसपास के ग्रामीणों ने महिला को ऐसा करने से रोक दिया।
जानकारी अनुसार मांचवा गांव में गत माह नाहरमल बलाई के मकान के सड़क सीमा मेें आने पर जेडीए ने निर्माण को ध्वस्त किया था, उस समय भी जेडीए की कार्रवाई का विरोध हुआ था। सोमवार को जेडीए दस्ते की उपस्थिति में ध्वस्त किए गए मकान के मलबे को हटाने की कार्रवाई ज्योंही शुरु की गई तो प्रेमदेवी पत्नी सीताराम बलाई ने स्टे का हवाला देकर अपने कपड़ों पर केरोसीन उड़ेल लिया और आत्मदाह का प्रयास करने ही वाली थी कि आसपास के लोगों ने उसे ऐसा करने से रोक लिया। महिला के इस कदम से यहां आए जेडीए अधिकारियों व दस्ते में हड़कंप मच गया। सूचना पर कालवाड़ थानाधिकारी राजीव यदुवंशी मय जाप्ते मांचवा पहुंचे और मलबा हटाने का विरोध कर रहे लोगों को समझाइस का प्रयास किया। महिला के आत्मदाह की कोशिश व उत्पात को देखते हुए पुलिस ने प्रेम देवी, रमेश व एक अन्य को हिरासत में लेकर कार में बैठा थाने ले आए। इसके बाद जेडीए ने मलबा हटाने की कार्रवाई की।