
चौमूं (जयपुर). छोटा-सा पिंजरा। उसमें दो दिन से बंद छोटे-बड़े आठ बंदर। कोई भूखा, तो कोई प्यासा। वन्यजीव से क्रूरता और अमानवीयता का ये नजारा गुरुवार को यहां तहसीलदार के सरकारी आवास पर देखने को मिला। यहां बाहर एक कोने में रखे पिंजरे में बंद आठ बंदर दो दिन से धूप, गर्मी और भूख-प्यास से तड़पते रहे। गुरुवार को जब एक अधिवक्ता की निगाह इन पर पड़ी, तब इसकी जानकारी सबको हुई। इसके बाद कई लोग बंदरों के लिए खाने-पीने का सामान लेकर आने लगे, लेकिन ठेकेदार तुरंत गाड़ी से आकर पिंजरे को पालिका परिसर ले गया। इतना सब हो जाने के बाद भी न तहसीलदार और ना ही ठेकेदार, ये मानने को तैयार थे कि ये पशु क्रूरता है। इस पर लोगों ने सवाल उठाया कि क्या तहसीलदार को भी इन पर रहम नहीं आया।
धूप में भूखे-प्यासे तप रहे थे बंदर
तहसीलदार के आवास के पास से गुजरते कई अधिवक्ताओं और कार्मिकों ने जब बंदरों की हालत देखी, तो मालूम पड़ा कि तीन दिन से बंदर यहीं बंद पड़े हैं। वहां कई लोग एकत्रित हो गए, तो इनकी हालत देखकर ठेकेदार पर गुस्सा जताने लगे। उन्होंने बताया कि यहां अक्सर बंदरों का जमघट रहता है, इसलिए ठेकेदार से इन्हें पकडऩे के लिए कहा था। इसके बाद उसने इन्हें यहां से पकड़कर यहीं पिंजरे में बंद कर दिया। दो-तीन दिन हो गए, ये धूप में यहीं पड़े हैं और चिढ़चिढ़े होकर आपस में काट रहे हैं।
यह भी पढे :नहीं होती जलापूर्ति, सफाई के नाम पर खानापूर्ति
फोन आते ही फौरन हटाया
बंदरों की इस बेकद्री की जानकारी लोगों ने पालिका के कार्यवाहक सफाई निरीक्षक कैलाश शर्मा को दी। उन्होंने तुरंत बंदरों को वहां से हटवाने का आश्वासन दिया। इसके लगभग आधे घंटे बाद ही ठेकेदार के मजदूर तहसीलदार आवास पर पहुंचे और पिंजरे को वहां से उठाकर पालिका परिसर ले आए।
यह भी पढे :ऊंट के मुंह में जीरा: मानदेय से ज्यादा उधारी, क्या करें ये बेचारी
दो हजार के बदले हाल-बेहाल
ऐसा नहीं है कि पालिका प्रशासन बंदरों को पकडऩे और उन्हें छुड़वाने के लिए ठेकेदार को उचित भुगतान नहीं करेगा। ठेके के तहत पालिका प्रति बंदर दो हजार रुपए का भुगतान करेगी। बावजूद इसके बंदरों को पकडऩे के बाद उनका हाल-बेहाल देखने का मिलता है। इन बंदरों को पकड़ कर प्रति दिन सरिस्का वन क्षेत्र में छोड़कर आना है, लेकिन यादा मुनाफे के लालच में ठेकेदार बंदरों को दो-तीन दिन के अंतर से छोडऩे जाता है। तब तक बंदरों को भूखा और छोटे से पिंजरे में ही बंद रखा जाता है।
थमा दिया 3.50 लाख का बिल
इस बीच ठेकेदार ने पालिका प्रशासन को बिल और प्रार्थनापत्र भी थमा दिया। पालिका के अधिशासी अधिकारी को दिए गए प्राथर्नापत्र में पालिका क्षेत्र से बंदरों को पकडऩे का काम पूरा होने की जानकारी के साथ 3 लाख 50 हजार रुपए का भुगतान मांगा गया है। इस राशि के अनुसार उसने पालिका क्षेत्र से कुल 175 बंदरों को पकड़ा है। ठेके के अनुसार उसे सभी बंदरों को पकडऩा था। पालिका क्षेत्र को बंदरों से मुक्त करना था, लेकिन स्थानीय लोगों का कहना है कि अभी भी बंदर नजर आ रहे हैं।
यह भी पढे :चीरा लगाकर बैग से नकदी पार करती दो महिलाएं गिरफ्तार
इनका कहना है
ऐसा कुछ नहीं है। मैं तो वहीं रहता हूं। बंदरों को कल शाम को पकड़ा गया था और आज दोपहर को वहां से ले जाया गया।
कुंजबिहारी शर्मा, तहसीलदार, चौमूं
मैं अवकाश पर हूं। फिलहाल चौमूं से बाहर आया हुआ हूं। बंदरों को पकडऩे और उन्हें वहां दो दिनों से बंद रखने की जानकारी नहीं है।
प्रियव्रत सिंह चारण, उपखंड अधिकारी, चौमूं
बंदर हमारी रोजी हैं। हम इनके साथ कुछ अमानवीयता नहीं करते। लोग तो ऐसे ही आरोप लगाते हैं।
जावेद, ठेकेदार
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.
Published on:
20 Apr 2018, 4:37 PM IST
बड़ी खबरें
View Allबगरू
राजस्थान न्यूज़




