करणसर (जयपुर). कस्बे के श्रीरतनलाल पाटनी राजकीय आदर्श प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्र में प्रसूता व नवजात की मौत के बाद परिजनों ने चिकित्साकर्मियों पर इलाज के दौरान लापरवाही बरतने का आरोप लगाकर गुरुवार को अस्पताल परिसर में हंगामा कर दिया। जानकारी के अनुसार स्थानीय चिकित्सालय में 17 अप्रेल को डूंगरसी का बास पंचायत की ग्यारसा बाबा की ढाणी निवासी तीजा देवी (26) पत्नी कैलाश कुमावत के प्रसव पीड़ा होने पर परिजन चिकित्सालय लेकर आए थे। इसके बाद यहां प्रसूता ने मृत बालिका को जन्म दिया था। इसी दौरान प्रसूता की तबीयत बिगडऩे पर चिकित्साकर्मियों ने उसे जयपुर जनाना अस्पताल के लिए रैफर कर दिया, जहां प्रसूता की भी मौत हो गई थी। गुरुवार सुबह करीब 8 बजे ग्रामीण अस्पताल पहुंचे और चिकित्साकर्मियों को खरी खोटी सुनाने लगे। उनका आरोप था कि तीजा देवी को चिकित्सालय में भर्ती कराया था जहां एएनएम ने प्रसव कराया। जहां प्रसूता ने मृत बालिका को जन्म दिया था। परिजनों का कहना था कि प्रसूता को लम्बे समय तक रैफर नहीं करने व परिजनों को सही स्थिति की जानकारी नहीं दी गई। इससे जनाना अस्पताल जयपुर पहुंचने में देरी हुई जिससे प्रसूता व नवजात की मौत हो गई। इस दौरान परिजनों व ग्रामीणों ने चिकित्सालय प्रभारी डॉ. सीताराम यादव से दोषी चिकित्साकर्मियों के विरुद्ध कार्रवाई करने, चिकित्साकर्मियों को ड्यूटी के प्रति पाबंद करने सहित अनेक मांगों को लेकर बीसीएमएचओ व एसएमएचओ के नाम से ज्ञापन सौंपा।