कालवाड़ (जयपुर). कश्मीर की ठंडी वादियों में खिलने वाली उम्दा किस्म की केसर की खुशबू अब कालवाड़ के आसपास के गांवों में भी महक रही है। बसेड़ी गांव में एक किसान ने प्रतिकूल वातावरण में केसर फसल को उत्पादित कर खेती में नवाचार का उदाहरण पेश किया है। गौरतलब है कि इससे पहले भी इसी गांव के दर्जनों किसान जयपुर जिले में ही नहीं पूरे राज्य में इजरायली पद्धति से सब्जी व अन्य फसलों का पॉली हाउस में उत्पादन कर राष्ट्रीय स्तर पर नाम रोशन कर चुके हैं। अब इसी गांव एक प्रगतिशील किसान ने आठ माह के प्रयास के बाद कश्मीरी केसर का उत्पादन करने में सफलता हासिल की है। अमूमन कश्मीर व अन्य ठंडे प्रदेशों में उगने वाली बेशकीमती केसर की खेती को बसेड़ी गांव निवासी भोलूराम व हीरा देवी बिजारणियां ने घर के पास खेत को तैयार कर एकदम नम बनाया और गत वर्ष अगस्त में 100 बीज खरीद कर पौध तैयार की। जनवरी में पौधों पर केसरिया फूल खिलने के साथ इसकी सुगंध से खेत महक उठा। केसर के सौ पौधों में से 10 पौधे खराब हो गए और 90 पौधे सुरक्षित तैयार हुए।