चौमूं (जयपुर). थाना मोड़ स्थित ओबीसी से गुरुवार दोपहर को रुपए निकालकर ला रहे एक व्यक्ति के बैग में चीरा लगाकर नकदी पार करती मध्य प्रदेश की सासी गैंग दो महिलाओं को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। महिलाएं मौका पाकर नकदी पार कर ही रहीं थीं कि लोगों ने उन्हें पकड़ कर पुलिस के हवाले कर दिया। पुलिस दोनों को पकड़कर थाने ले आई और पूछताछ की।
थाना प्रभारी जितेन्द्र सिंह सोलंकी ने बताया कि दोपहर लगभग एक बजे रेनवाल निवासी शीशराम जाट (30) जयपुर रोड थाना मोड़ स्थित ओरियंटल बैंक ऑफ कॉमर्स की शाखा से चार लाख बीस हजार रुपए निकाल कर लाया। जैसे ही वह बैंक से बाहर निकला, वहां पहले नजर रखे दो महिलाएं मौका पाकर रुपए से भरा बैग के चीरा लगाकर रुपए पार करने लगी। इसी प्रयास के दौरान आसपास के लोगों ने उन्हें पकड़ लिया। लोगों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी। पुलिस दोनों को पकड़कर थाने आई। आरोपित महिलाएं काशू (30) पत्नी शानू सिंह और रीना (25) पत्नी प्रकाश हैं। दोनों महिलाएं कडिय़ां थाना वोङा राजगढ़ (मध्यप्रदेश) की रहने वाली हैं।