
अवैध रुप से भंडारित खाद।
नकली खाद कारोबार मामले में कृषि विभाग ने अवैध उर्वरक, कीटनाशक और ब्रांडेड शासकीय बोरियों का जखीरा बरामद किया है। कृषि विभाग ने यह कार्रवाई वारासिवनी मुख्यालय में कटंगी रोड पर उत्कर्ष सिटी परिसर में संचालित गोदाम व दुकान में की है।
बालाघाट. नकली खाद कारोबार मामले में कृषि विभाग ने अवैध उर्वरक, कीटनाशक और ब्रांडेड शासकीय बोरियों का जखीरा बरामद किया है। कृषि विभाग ने यह कार्रवाई वारासिवनी मुख्यालय में कटंगी रोड पर उत्कर्ष सिटी परिसर में संचालित गोदाम व दुकान में की है। गोदाम, दुकान दोनों को सील कर दिया गया है। इस मामले में फर्म संचालक, सहयोगी और 2 कंपनियों के खिलाफ वारासिवनी थाना में विभाग की ओर से प्रतिवेदन भी प्रस्तुत किया गया है।
वरिष्ठ कृषि विकास अधिकारी प्रतिभा टेम्भरे ने बताया कि एग्रीजोन के संचालक अजय कटरे और पौरुष भगत को गोदाम में प्रिंटेड शासकीय बोरी और अन्य बोरियों में सुपर फास्फेट को डाय अमोनियम बनाकर बेचने का काम करते हुए पकड़ा है। गोदाम से सिलाई मशीन के साथ ही प्रिंटेड बोरियां जब्त की गई है। गोदाम से प्राप्त सामग्री के बिल वाउचर भी संचालक के पास नहीं पाए गए। जो सामग्री मिली है, वह भी बिना लॉट नम्बर की थी। साथ ही गोदाम के ऊपरी तल के कमरों में अवैध पैकिंग व वैधता अवधि समाप्त हुए कीटनाशकों के ड्रम पाए गए। गोदाम में रखी ब्रांडेड कंपनियों की प्रिंटेड बोरियों को वाहन क्रमांक जीसी 04 एमटी 1186 में भरकर अन्यत्र परिवहन कर छुपाने की कोशिश की जा रही थी। इसके बाद तत्काल पुलिस को सूचना देकर आगे की जांच की गई। जांच के बाद कई तरह की अनियमितताएं सामने आई है। कृषि विभाग ने इस पूरी कार्रवाई का प्रतिवदेन कलेक्टर डॉ. गिरीश कुमार मिश्रा और पुलिस थाना वारासिवनी में प्रस्तुत किया है।
इन सामग्रियों को किया जब्त
कार्रवाई के दौरान सुपर अल्ट्रागोल्ड (जुबिलेंट एग्री एंड कंजूमर प्रालि ग्राम सिंहपुर तहसील कापासन राजस्थान) 50 किग्रा के भर्ती की 1200 बोरियां (600 क्विंटल), आनंद छाप सुपर पॉवडर (कविता बायो फर्टीलाइजर जीई रोड परमालकासा इंडिया) की 300 बोरियां (150 क्विंटल), 19:19:19 सूजल जीपी एग्रो लाइफ अहमदाबाद की 93 बोरियां (46.50 क्विंटल), थायनेट 10 जी 80 ड्रम, हैक्जाकोनाजोन निर्माता जीपी एग्रो लाइफ वृंदावन इंडस्ट्रीयल एरिया-3 पिपलाना जिला राजकोट गुजरात 20 बॉक्स (एक्सपायरी), कालाहीरा ब्रांड के 42 बॉक्स (फार्मर बायो क्रॉफ साइंस वृंदावन नगर बोथाली दुर्ग छग), काग्रोमेन फंजीसाइड 6 बॉक्स (जीपी एग्रो लाइफ इंडस्ट्रीयल एरिया-3 गुजरात), सर्व शक्ति जाइम 200 बाल्टी (जीएस क्रॉफ साईंस गंगा नगर ज्योति पेस्टीसाइड कुमारखेडा), पारस विटागोल्ड आग्रेनिक मैन्यूर की 50 बाल्टियां, रुट पॉवर की 28 बाल्टियां, फ्यूरेन 3 जी कार्बोफ्यूरान 35 बैग को जब्त किया गया है। इसके अलावा कीटनाशक केनान सल्फर जेल्सन, आतंक बुस्टर थार-30, क्योंटेक सुपर, एसपी क्लोरोसिल की 1000 बॉटल, ब्रांडेड कंपनियों की खाली प्रिंटेड बोरियों में भारत एनपीके 20:20:00:13 ब्रांड की इंडियन पोटाश लिमि की लगभग 400 बोरियां, प्रधानमंत्री जन उर्वरक परियोजना (डीएपी इफ्को ब्रांड) 18:46:0 की 12 सौ बोरियां, किसान पॉवर एनपीके 12:32:16 की 15 सौ बोरियां, आनंद छाप किसान की पहली पसंद सुपर दानेदार निर्माता कविता बायो फर्टीलाइजर की 50 बैग, चिन्नुर सीड्स प्रोड्यूसर कंपनी के 100 बैग, रतन दीप पेडी सीड्स की 150 बैग का अवैध रुप से भंडारण पाया गया। इन सभी सामग्रियों को विभाग ने जब्त कर लिया है।
वारासिवनी थाना में प्रकरण दर्ज करने दिया प्रतिवेदन
गुरुवार देर शाम को हुई इस कार्रवाई के बाद शुक्रवार को कृषि विभाग ने प्रकरण में एफआइआर दर्ज कराने के लिए वारासिवनी थाने में प्रतिवेदन दिया है। प्रतिवेदन में ग्राम नरोड़ी एग्रीजोन के संचालक अजय कटरे और खैरलांजी तहसील के खरखड़ी निवासी पौरुष भगत के अलावा जुबीलैंट एग्री एंड कंज्यूमर प्रालि चित्तौगढ़ और कविता बायो फर्टीलाइजर राजनांदगांव पर एफआइआर दर्ज करने का उल्लेख किया है। प्रतिवेदन में भारतीय न्याय संहित की विभिन्न धाराएं, आवश्यक वस्तु अधिनियम, बीज अधिनियम सहित अन्य का उल्लंघन करने का उल्लेख किया है। हालांकि, समाचार लिखे जाने तक इस मामले में एफआइआर दर्ज नहीं हो पाई थी।
गर्रा के सिद्धि विनायक दुकान में हुई जांच
शुक्रवार को कृषि विभाग ने गर्रा स्थित सिद्धि विनायक दुकान में भी पहुंचकर जांच पड़ताल की। लेकिन यहां दुकान में अमले को कुछ भी नहीं मिला। कृषि विभाग से मिली जानकारी सिद्धि विनायक कृषि केंद्र वारासिवनी के संचालक दीक्षांत जैतवार से संबंधित होने के चलते गर्रा में जांच पड़ताल की गई है।
एक हिरासत में, शेष फरार
नकली खाद कारोबार मामले में वारासिवनी पुलिस ने कोस्ते निवासी मुनेश चौहान को हिरासत में लिया है। पुलिस मुनेश से इस कारोबार से जुड़े पहलुओं के बारे में पूछताछ कर रही है। वारासिवनी थाना प्रभारी ने बताया कि जांच में जो तथ्य सामने आएंगे, उसके आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
इनका कहना है
नकली खाद कारोबार मामले में एक व्यक्ति को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। प्रकरण में विवेचना के दौरान तथ्यों के अनुसार आरोपियों की गिरफ्तारी की जाएगी। वारासिवनी के गोदाम में अवैध भंडारण मामले में शिकायत मिलने के बाद एफआइआर दर्ज की जाएगी।
-बीवाय टांडिया, निरीक्षक, थाना वारासिवनी
वारासिवनी के एग्री जोन खाद दुकान, गोदाम को सील कर दिया गया है। 3430 खाली प्रिंटेड बोरियां, 1200 बोतल कीटनाकश दवा, एक्सपायरी डेट के दवा का बॉक्स जब्त किया गया है। दुकान संचालक, सहयोगी, दो कंपनियों के खिलाफ एफआइआर के लिए वारासिवनी थाना में शिकायत दे दी गई है।
-राजेश खोबरागड़े, उपसंचालक, कृषि
Published on:
12 Jul 2024 09:34 pm
बड़ी खबरें
View Allबालाघाट
मध्य प्रदेश न्यूज़
ट्रेंडिंग
