
mp election 2023
बालाघाट विधानसभा चुनाव 2023 मतगणना के लिए काउंट डाउन शुरू हो गया है। 3 दिसंबर को मतगणना होना है। जिले के 6 विधानसभा सीटों में से इस बार 1 सीट पर त्रिकोणीय संघर्ष की संभावना बनी हुई है। जबकि पांच सीटों पर भाजपा और कांग्रेस आमने-सामने हैं। विधानसभा चुनाव को लेकर सभी प्रत्याशी जीत-हार का कयास लगा रहे हैं। सभी प्रत्याशी अपनी-अपनी जीत का दावा कर रहे हैं। वर्ष 2013, 2018 के चुनाव में परसवाड़ा में त्रिकोणीय संघर्ष हुआ था। जबकि 2023 के चुनाव में भी परसवाड़ा में त्रिकोणीय मुकाबला होना है। जानकारी के अनुसार वर्ष 2023 के विधानसभा चुनाव के मतदान के बाद सभी प्रत्याशी अपने-अपने जीत-हार का कयास लगा रहे हैं। वर्ष 2018 में परसवाड़ा व बालाघाट सीट में त्रिकोणीय संघर्ष हुआ था। जिसमें भाजपा, कांग्रेस और सपा उम्मीदवारों के बीच चुनावी मुकाबला रहा है। जबकि 2013 के चुनाव में परसवाड़ा में भाजपा, कांग्रेस और सपा के बीच त्रिकोणीय संघर्ष हुआ था।
वर्ष 2018 में भाजपा का 5 तो कांग्रेस का 3 सीटों पर बढ़ा था वोट बैंक
वर्ष 2013 की अपेक्षा वर्ष 2018 के विधानसभा चुनाव में जिले 5 सीटों पर भाजपा के वोट बैंक में बढ़ोत्तरी हुई है। जिसमें बैहर, लांजी, परसवाड़ा, बालाघाट और कटंगी सीट शामिल हैं। जबकि वारासिवनी सीट में भाजपा का वोट बैंक घटा है। इसी तरह कांग्रेस का केवल तीन सीटों पर ही वोट बैंक बढ़ा है। जिसमें लांजी, बालाघाट और कटंगी सीट शामिल है। वहीं बैहर, परसवाड़ा और वारासिवनी में कांग्रेस का वोट बैंक घटा है। भले ही 2018 में भाजपा ने दो सीट जीती थी, लेकिन उनके वोट बैंक में बढ़ोत्तरी हुई थी। वर्ष 2018 में भाजपा ने परसवाड़ा और बालाघाट में जीत हासिल की थी। जबकि बैहर, लांजी और कटंगी में कांग्रेस और वारासिवनी में निर्दलीय प्रत्याशी ने जीत हासिल की थी।
2013
तीन भाजपा तीन कांग्रेस
बैहर, लांजी और परसावाड़ा कांग्रेस, बालाघाट, वारासिवनी और कटंगी में भाजपा ने जीत दर्ज की थी
संजय उइके 32352 मतों से जीते- बैहर विस सीट से वर्ष 2013 में कांग्रेस के संजय उइके को 82419 प्राप्त हुए थे। जबकि भाजपा की भगत नेताम को 50067 मत मिले थे। संजय उइके ने भाजपा के भगत नेताम को 32352 मतों से परास्त किया था।
हिना कावरे ने 31750 मतों से दर्ज की जीत-लांजी विधानसभा सीट से कांग्रेस की हिना लिखीराम कावरे को 79068 को मत मिले थे। जबकि भाजपा के रमेश दिलीप भटेरे को 47318 मत प्राप्त हुए थे। इस सीट पर भाजपा प्रत्याशी रमेश भटेरे को 31750 मतो से हार का सामना करना पड़ा था।
कटंगी से 19950 मतों से जीते थे केडी देशमुख-कटंगी विस से भाजपा के केडी देशमुख ने 19950 मतों से जीत हासिल की थी। भाजपा के केडी देशमुख को 57230 मत मिले थे। बसपा के उदय सिंह पंचेश्वर गुरुजी को 37280 मत मिले थे। इस चुनाव में कांग्रेस तीसरे स्थान पर रही थी। कांग्रेस के विश्वेश्वर भगत को 33288 मत मिले थे।
2849 मतों से जीते थे मधु भगत- परसवाड़ा विधानसभा सीट में कांग्रेस के मधु भगत ने 2849 मतों से जीत हासिल की थी। इस सीट पर मधु भगत को 49216, भाजपा के रामकिशोर कावरे को 46367 मत प्राप्त हुए थे। सपा के कंकर मुंजारे को 35897 मत मिले थे। वर्ष 2013 में भी इस सीट पर त्रिकोणीय संघर्ष हुआ था। अंतिम दौर में कांग्रेस के मधु भगत ने जीत हासिल की थी।
वारासिवनी में 17938 वोटो से हारे थे प्रदीप जायसवाल- वारासिवनी सीट पर प्रदीप जायसवाल को 17938 वोटो से हार का सामना करना पड़ा था। इस सीट पर कांग्रेस के प्रदीप जायसवाल को 48868, भाजपा के डॉ योगेन्द्र निर्मल को 66806 मत मिले थे।
केवल 2500 वोटो से जीते थे गौरीशंकर बिसेन
बालाघाट विस सीट से भाजपा के गौरीशंकर चतुर्भुज बिसेन को 71993, सपा की अनुभा मुंजारे को 69493, कांग्रेस के उम्मेद लिल्हारे को 5786 मत मिले थे। गौरीशंकर बिसेन ने केवल 2500 मतों से जीत हासिल की थी। कांग्रेस अपनी जमानत नहीं बचा पाई थी।
2018
दो भाजपा+तीन कांग्रेस+एक निर्दलीय
परसवाड़ा, बालाघाट में भाजपा, बैहर, लांजी और कटंगी में कांग्रेस वहीं वारासिवनी में निर्दलीय प्रत्याशी ने विजयश्री हासिल की थी।
बेहर- संजय उइके 16480 मतों से जीते- बैहर विस सीट से वर्ष 2018 में कांग्रेस के संजय उइके को 79399 प्राप्त हुए थे। जबकि भाजपा की अनुपमा नेताम को 62919 मत मिले थे। संजय उइके ने भाजपा के अनुपमा नेताम को 16480 मतो से परास्त किया था।
लांजी-18696 मतों से हारे थे भाजपा प्रत्याशी
लांजी विधानसभा सीट से कांग्रेस की हिना लिखीराम कावरे को 90382 को मत मिले थे। जबकि भाजपा के रमेश दिलीप भटेरे को 71686 मत प्राप्त हुए थे। इस सीट पर भाजपा प्रत्याशी रमेश भटेरे को 18696 मतो से हार का सामना करना पड़ा था।
कटंगी से 11750 मतों से जीते थे टामलाल
कटंगी विधानसभा से कांग्रेस के टामलाल सहारे ने 11750 मतों से जीत हासिल की थी। टामलाल सहारे को 69967, भाजपा के केडी देशमुख को 58217 मत मिले थे। जबकि तीसरे स्थान पर बसपा के अजाब शास्त्री को 10104 मत मिले थे।
परसवाड़ा- 9608 मतों से जीते थे रामकिशोर
परसवाड़ा विधानसभा सीट में भाजपा के रामकिशोर कावरे को 57395 मत प्राप्त हुए थे। सपा के कंकर मुंजारे को 47787 मत मिले थे। जबकि कांग्रेस के मधु भगत को 47476 मत प्राप्त हुए थे। वर्ष 2018 में भी इस सीट पर त्रिकोणीय संघर्ष हुआ था। अंतिम दौर में भाजपा के रामकिशोर कावरे ने 9608 मतों से विजयश्री हासिल की थी।
वारासिवनी में निर्दलीय ने मारी थी बाजी
वारासिवनी सीट से कांग्रेस के बागी और निर्दलीय प्रत्याशी प्रदीप जायसवाल ने बाजी मारी थी। प्रदीप जायसवाल को 57783, भाजपा के डॉ योगेन्द्र निर्मल को 53921 मत मिले थे। जबकि कांग्रेस प्रत्याशी संजय सिंह मसानी को 11785 मत प्राप्त हुए थे। कांग्रेस तीसरे स्थान पर रही थी।
बालाघाट में तीसरे स्थान पर रही कांग्रेस
बालाघाट विधानसभा सीट से भाजपा के गौरीशंकर चतुर्भुज बिसेन को 73476, सपा की अनुभा मुंजारे को 45822, कांग्रेस के विश्वेश्वर भगत को 28701 मत मिले थे। इस सीट पर भाजपा के गौरीशंकर बिसेन ने 27654 मतों से जीत हासिल की थी। इस सीट पर भी कांग्रेस तीसरे स्थान पर रही थी।
Updated on:
27 Nov 2023 01:49 pm
Published on:
27 Nov 2023 01:43 pm
बड़ी खबरें
View Allबालाघाट
मध्य प्रदेश न्यूज़
ट्रेंडिंग
