
Loksabha Election
बलिया. यूपी के बलिया में लोकसभा चुनाव से पहले एक फिर बुनियादी सुविधाओं को लेकर ग्रामीण लामबंद हो चले हैं। ताजा मामला बांसडीह तहसील क्षेत्र के ग्राम पुरा केवड़ा का है। यहां की सड़कें तकरीबन पिछले बीस सालों से खराब स्थिति में हैं। ऐसे में ग्रामीणों ने चुनाव का बहिष्कार करने का निर्णय ले लिया है।
बता दें कि ग्रामीण रविवार की सुबह से ही पुरा प्राथमिक विद्यालय परिसर में एकत्रित हुए जिसके बाद सभी ने आगामी लोकसभा चुनाव 2019 में मतदान का बहिष्कार करने का निर्णय लिया। इतना ही नहीं ग्रामीणों ने हाथों में तख्तियां और बैनर लेकर एक जुलूस निकाला और पूरे गांव में भ्रमण कर लोगों को इस बहिष्कार में शामिल होने की अपील भी की।
गांव के मुख्य द्वार पर ग्रामीणों ने सामूहिक मतदान बहिष्कार का बैनर भी टांग दिया है। इससे आने-जाने वाले सभी लोगों को इस फैसले के बारे में जानकारी हो सके। पुरा गांव के प्रधान प्रतिनिधि सुनील पांडे की अगुवाई में चुनाव बहिष्कार का यह फैसला लिया गया है। इसमें महिलाओं और बुजुर्गों के साथ साथ युवाओं ने भी अपनी सहमति दर्ज कराई।
लगभग 25 सालों से गांव से मुख्य मार्ग को जाने वाली 2 किलोमीटर की सड़क खस्ताहाल हो चुकी है। या यूं कहे है कि गड्ढों की सड़क बन गई है जिसे लेकर सांसद, विधायक से लेकर जिले के अधिकारियों को भी अवगत कराया गया लेकिन किसी के कानों में जूं तक नहीं रेंगी. फिलहाल ग्रामीणों ने मिलकर लोकसभा चुनाव में मतदाता का बहिष्कार करने का निर्णय लिया। साथ ही किसी भी जनप्रतिनिधियों का अपने गांव में प्रवेश पर भी रोक लगाया है।
Updated on:
08 Oct 2018 12:30 pm
Published on:
08 Oct 2018 12:30 pm
