
बलिया. बीजेपी की सहयोगी पार्टी सुहैलदेव भारतीय समाज पार्टी (एसबीएसपी) भासपा अध्यक्ष ओमप्रकाश राजभर ने अमर सिंह को नया प्रस्ताव दे दिया है। राजभर ने पूर्व एसपी नेता अमर सिंह को पार्टी में शामिल होने के लिए आमंत्रित किया है। बलिया में एक कार्यक्रम के दौरान ओमप्रकाश राजभर ने बयान देते हुए कहा कि अगर अमर सिंह पार्टी में आने का प्रस्ताव देते हैं तो उसपर विचार किया जाएगा।
बता दें कि ओमप्रकाश राजभर ने अमर सिंह को हर तंत्र से लैस नेता बताते हुए कहा कि वह हेलीकॉप्टर हैं और जिस तरह उन्होंने सिने जगत से जुड़ी जिन हस्तियों को चुनाव में उतारा उसका फायदा सपा को हुआ। वही इंदिरा गांधी और शीला दीक्षित के विकास कार्यों की सराहना करते हुए कहा कि जनता ने इन नेताओं को भी हरा दिया क्योंकि विकास से ज्यादा जातिवाद का बोलबाला है। वहीं कार्यक्रम के दौरान कहा कि देश पहले कृषि प्रधान था अब जाति प्रधान हो गया है ।
अभी हाल ही में लखनऊ में योगी सरकार की ग्राउंड ब्रेकिंग सेरिमनी के दौरान भगवाधारी कुर्ता पहनकर पहुंचे अमर सिंह को लेकर दिनभर चर्चाओं का बाजार गर्म रहा। वहीं पीएम मोदी भी अपने भाषण के दौरान बार-बार उनका नाम लेते रहे। एसबीएसपी मुखिया यूपी मंत्री ओमप्रकाश राजभर ने कहा था कि ‘अगर अमर सिंह आजमगढ़ से 2019 चुनाव लड़ना चाहते हैं और सीट हमारे कोटा के तहत आती है तो हम खुशी-खुशी उन्हें ऑफर करेंगे।’ उन्होंने कहा कि एसबीएसपी के दरवाजे हमेशा उनके लिए खुले हैं। एसबीएसपी ने यूपी के आजमगढ़ से चुनाव लड़ने का प्रस्ताव भेजा है। फिलहाल इस सीट से एसपी नेता मुलायम सिंह यादव सांसद हैं।
By- Amit Kumar