
बलिया. उत्तर प्रदेश के बलिया जिले की रसड़ा कोतवाली क्षेत्र के कासिमाबाद मार्ग कोप चट्टी के समीप सड़क के किनारे गड्ढे में एकत्रित जहरीला पानी पीने से आठ गाय की तड़प-तड़प कर मौत हो गई। जबकि अन्य गायों का चिकित्सकों द्वारा इलाज किया जा रहा है। घटना मंगलवार की बताई जा रही है।
जानकारी के मुताबिक सोमवार की रात गाजीपुर से रसड़ा आ रही यूरिया खाद की 500बोरियों से लदी ट्रक अचानक अनियंत्रित होकर इसी गड्ढे में गिर गई थी। मंगलवार की सुबह ट्रक सहित 300 बोरियों को गढ्ढे से निकाल लिया गया था। शेष 200 बोरी यूरिया खाद गढ्ढे में ही घुल गई थी। यूरिया के घुलने से पानी दूषित हो गया था।
प्रतिदिनि की तरह कोप निवासी शिवमुनि यादव पुत्र रामदेव यादव की लगभग दो दर्जन गायें उधर चरने के लिए निकली थी। इस दौरान कुछ गायें इसी गढ्ढे में पानी पीने लगी, पानी पीते ही गायों के मुंह से झाग निकलने लगा और वह तड़फड़ाते हुए जमीन पर गिरने लगी। अचानक हुई इस घटना को देखकर कर मौके पर मौजूद चरवाहों में दहशत का माहौल छा गया।
उन्होंने आनन फानन में इसकी सूचना ग्रामीणों को दी। गायों के तड़पने की जानकारी होते ही मौके पर ग्रामीणों की भारी भीड़ जमा हो गई। मौके पर मौजूद लोग गायों के बचाने के लिए कुछ उपाय करते इससे पहले ही आठ गायों की मौत हो गई। इस बीच सूचना पर पुलिस व प्रशासनिक अधिकारी समेत पशु चिकित्साधिकारी मौके पर पहुंचे। आनन फानन सचल वाहन से पहुंचे पशु चिकित्सकों द्वारा गंभीर हालत में तड़प रही अन्य गायों का इलाज किया जा रहा है।
By- अमित कुमार