4 जून 2026,

गुरुवार

Patrika Logo
home_icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

बालोद में कांग्रेस का दबदबा, पलारी नगर पंचायत में यानेश साहू की हुई बड़ी जीत, कई जगह बदला समीकरण

Chhattisgarh Election Result: बालोद के पलारी नगर पंचायत में कांग्रेस ने अध्यक्ष पद पर जीत दर्ज करते हुए बड़ा राजनीतिक संदेश दिया है, जबकि कई अन्य क्षेत्रों में कांग्रेस और भाजपा के बीच कांटे की टक्कर देखने को मिल रही है।

3 min read
Google source verification
Chhattisgarh Nagar Panchayat Election Result

पलारी नगर पंचायत में कांग्रेस प्रत्याशी की जीत (फोटो सोर्स- पत्रिका)

Chhattisgarh Nagar Panchayat Election Result: छत्तीसगढ़ में 1 जून को संपन्न हुए त्रिस्तरीय पंचायत एवं नगरीय निकायों के आम और उपचुनावों के नतीजे आज घोषित किए जा रहे हैं। राज्य निर्वाचन आयोग की निगरानी में जारी मतगणना के दौरान कई सीटों के परिणाम सामने आ चुके हैं, जिनमें कांग्रेस और भाजपा दोनों ने अलग-अलग क्षेत्रों में जीत दर्ज कर राजनीतिक समीकरण बदल दिया है।

बालोद के पलारी में कांग्रेस की बड़ी जीत

बालोद जिले की नवगठित पलारी नगर पंचायत में कांग्रेस ने अध्यक्ष पद पर कब्जा जमाया है। यहां कांग्रेस प्रत्याशी यानेश कुमार साहू ने जीत दर्ज की। इसके साथ ही वार्ड स्तर पर भी कांग्रेस ने मजबूत प्रदर्शन किया, जहां 15 वार्डों में से 10 वार्डों में कांग्रेस समर्थित प्रत्याशी विजयी रहे, जबकि भाजपा को 5 वार्डों में जीत मिली। इस जीत के साथ पलारी नगर पंचायत में कांग्रेस का दबदबा देखने को मिला है और स्थानीय राजनीति में पार्टी की स्थिति और मजबूत हुई है।

कई जगह बदला चुनावी समीकरण

बस्तर जिले के जगदलपुर नगर निगम के वार्ड क्रमांक-1 (इंदिरा वार्ड) में हुए उपचुनाव में कांग्रेस प्रत्याशी रामकृष्ण तिवारी ने जीत दर्ज की है। यह सीट पूर्व पार्षद अब्दुल रशीद के निधन के बाद खाली हुई थी। इस परिणाम ने स्थानीय स्तर पर कांग्रेस के लिए एक महत्वपूर्ण सफलता के रूप में देखा जा रहा है।

राजनांदगांव जिले के घुमका नगर पंचायत में कांग्रेस ने इतिहास रचते हुए पहली बार अध्यक्ष पद पर जीत हासिल की है। कांग्रेस प्रत्याशी फूलमती ने 85 वोटों के अंतर से जीत दर्ज की। इस जीत के बाद कार्यकर्ताओं में उत्साह देखने को मिला और जीत का जश्न मनाया गया।

भाजपा का भी कई क्षेत्रों में मजबूत प्रदर्शन

जांजगीर-चांपा जिले के बम्हनीडीह नगर पंचायत में भाजपा ने मजबूत प्रदर्शन करते हुए अध्यक्ष पद पर 889 मतों के बड़े अंतर से जीत हासिल की है। इसी तरह सूरजपुर जिले की शिवनंदनपुर नगर पंचायत में भी भाजपा प्रत्याशी रितेश जायसवाल अध्यक्ष पद पर निर्वाचित हुए।

इसके अलावा कवर्धा जिले की सहसपुर लोहारा नगर पंचायत में भाजपा प्रत्याशी सरिता संतोष मिश्रा ने 754 मतों के अंतर से जीत दर्ज कर अध्यक्ष पद पर कब्जा जमाया। यहां भाजपा ने वार्ड स्तर पर भी अच्छा प्रदर्शन किया और 15 में से 11 वार्डों में समर्थित प्रत्याशियों को जीत मिली।

मई में इन चुनावों का कार्यक्रम जारी किया था

राज्य निर्वाचन आयोग ने मई में इन चुनावों का कार्यक्रम जारी किया था। नामांकन, जांच और नाम वापसी की प्रक्रिया पूरी होने के बाद 1 जून को मतदान कराया गया। इसके बाद 4 जून को मतगणना कर परिणाम घोषित किए जा रहे हैं। निर्वाचन आयोग के अनुसार चुनाव प्रक्रिया को शांतिपूर्ण और निष्पक्ष तरीके से संपन्न कराने के लिए सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए गए थे। मतदान केंद्रों पर सुरक्षा बलों की तैनाती के साथ संवेदनशील क्षेत्रों में अतिरिक्त निगरानी रखी गई थी।

मतदान में दिखा भारी उत्साह

1 जून को हुए मतदान में मतदाताओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। नगरीय निकाय क्षेत्रों में 31,928 मतदाताओं में से 27,006 ने मतदान किया, जिससे 84.58 प्रतिशत मतदान दर्ज हुआ। वहीं पंचायत चुनाव में 1,02,797 मतदाताओं में से 79,968 लोगों ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया, जिसमें 78.61 प्रतिशत मतदान रिकॉर्ड किया गया। मतदान के लिए नगरीय निकाय क्षेत्रों में 96 और पंचायत क्षेत्रों में 274 मतदान केंद्र बनाए गए थे। राज्य निर्वाचन आयोग ने पूरी प्रक्रिया को शांतिपूर्ण बताया है।

राजनीतिक बयानबाजी भी तेज

कांग्रेस के पूर्व विधायक विकास उपाध्याय ने इन परिणामों को जनता के बदलते रुझान का संकेत बताया है। उन्होंने कहा कि कई क्षेत्रों में कांग्रेस की जीत यह दर्शाती है कि भाजपा सरकार से जनता का विश्वास कम हुआ है। उन्होंने दावा किया कि आने वाले चुनावों में कांग्रेस और बेहतर प्रदर्शन करेगी।