
मोबाइल के लिए पांच घंटे लाइन में लग किया अधिकारियों का इंतजार, फिर मचा हंगामा, तब प्रशासन हुआ सक्रिय
बालोद. पीजी कॉलेज में विद्यार्थियों की परेशानी थमने का नाम नहीं ले रही है। पहले तो कॉलेज के जिम्मेदारों की व्यवस्था की अनदेखी की वजह से मोबाइल लेने की पर्ची जमा करने के लिए परेशानी उठानी पड़ी थी, तो अब मोबाइल फोन वितरण में चिप्स की लापरवाही सामने आ रही है।
600 विद्यार्थियों को किया मोबाइल का वितरण
बुधवार को जहां विद्यार्थी सुबह 8 बजे से मोबाइल लेने कतार में लगकर संबंधितों का इंतजार करते रहे। यह इंतजार एक-दो नहीं पूरे पांच घंटे खड़े होकर करना पड़ा। तब जाकर मोबाइल फोन का वितरण शुरू हुआ। इससे पहले परेशान विद्यार्थियों ने जमकर हंगामा किया, तब जाकर जिला प्रशासन व कालेज प्रबंधन हरकत में आया। बता दें कि बुधवार को पीजी कॉलेज बालोद में कुल 600 विद्यार्थियों को मोबाइल का वितरण किया गया।
हंगामे की सूचना पर पहुंचे तहसीलदार, बुलाई पुलिस
सुबह आठ बजे से मोबाइल लेने बड़ी संख्या में विद्यार्थी कॉलेज पहुंच गए थे, पर दोपहर एक बजे तक न मोबाइल देने वाले आए न अधिकारी और ना ही एक्टिवेट करने वाले। इस दौरान विद्यार्थी तेज गर्मी से परेशान रहे। इस दौरान उन्हें पानी भी नसीब नहीं हुआ क्योंकि यहां लगा वाटर कूलर खराब जो है। इधर हंगामे की जानकारी मिलते ही तहसीलदार ऋतुराज बिसेन पहुंचे और विद्यार्थियों को समझाया पर तहसीलदार भी मोबाइल वितरण करने वाले नहीं आने से परेशान हो गए।
फिर भी नहीं दी थाने में सूचना
इधर जनभागीदारी समिति अध्यक्ष राजा दीवान और सीनियर विद्यार्थी भीड़ को नियंत्रित करने में लगे रहे और विद्यार्थियों से बार-बार निवेदन करते रहे तब जाकर स्थिति संभली। यहां लगातार हो रही अव्यवस्था की स्थिति से कॉलेज प्रबंधन भी वाकिफ है, पर हजारों की भीड़ को नियंत्रित करने कॉलेज से मात्र 50 मीटर दूर पुलिस थाने तक में सूचना नहीं दी गई।
सुरक्षा को लेकर दहशत में रहे कर्मचारी
जानकारी अनुसार मोबाइल वितरण करने वाले कॉलेज ही नहीं पहुंचे थे जिससे अव्यवस्था फैली। इधर जानकारी यह भी मिल रही है कि मोबाइल एक्टिवेट करने वाले कर्मचारी पुलिस सुरक्षा की मांग कर रहे थे इसलिए वे कॉलेज के बाहर ही रहे। बाद में उन्हें बुलाया गया, तब कॉलेज के अंदर दोपहर एक बजे फोन का वितरण शुरू हुआ। जानकारी के मुताबिक कॉलेज में 28 सितंबर तक मोबाइल का वितरण किया जाना है।
Published on:
27 Sept 2018 08:10 am
