
Balrampur road accident, हादसे के बाद घायल महिला मजदूर (Photo- Patrika)
शंकरगढ़। बलरामपुर-रामानुजगंज जिले के शंकरगढ़ थाना क्षेत्र अंतर्गत बुधवार की देर शाम ग्राम जारगिम के जुड़वानी के पास महिला-पुरुष से भरी एक पिकअप अनियंत्रित होकर पलट (Balrampur pickup accident) गई। हादसे में 2 महिलाओं की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि 10 लोग घायल हो गए। घायलों को शंकरगढ़ अस्पताल में भर्ती कराया गया। यहां से 3 मजदूरों को गंभीर हालत में मेडिकल कॉलेज अस्पताल अंबिकापुर के लिए रेफर कर दिया गया। हादसे के बाद मृतकों के परिजनों में मातम पसर गया है। इस घटना ने एक बार फिर पुलिस को सवालों के घेरे में लिया है कि मालवाहक वाहनों में भेड़-बकरियों की तरह भरकर ले जाया जाता है, इसके बाद भी कोई कार्रवाई नहीं की जाती है।
शंकरगढ़ थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम परेवा निवासी करीब 20 से 25 मजदूर धान का रोपा लगाने ग्राम खैराडीह गए थे। दिनभर खेतों में काम करने के बाद सभी मजदूर शाम को एक मालवाहक पिकअप वाहन क्रमांक जेएच 03 एजे- 0323 से अपने गांव लौट रहे थे। पिकअप (Pickup overturned in Balrampur) को देवचरण चला रहा था।
जब पिकअप ग्राम जारगिम के जुड़वानी के पास पहुंची, तभी चालक वाहन पर नियंत्रण खो बैठा और तेज रफ्तार पिकअप सडक़ से अनियंत्रित होकर पलट गई। हादसा (Balrampur accident) इतना भीषण था कि पिकअप में सवार मजदूर सडक़ पर इधर-उधर जा गिरे। इससे वहां चीख-पुकार मच गई।
आसपास के ग्रामीण तुरंत मौके पर पहुंचे और राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया। सूचना मिलते ही शंकरगढ़ पुलिस और 108 एंबुलेंस मौके पर पहुंची तथा घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र शंकरगढ़ पहुंचाया गया।
दुर्घटना में ग्राम परेवा निवासी विमला नगेशिया पति शिवप्रसाद 40 वर्ष तथा कामेश्वरी पैकरा पति टेहरा 46 वर्ष की मौके पर ही मौत (2 women died in road accident) हो गई। वहीं हादसे में 10 महिला-पुरुष मजदूर घायल हो गए। इनमें से 3 को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र शंकरगढ़ में प्राथमिक उपचार के बाद मेडिकल कॉलेज अस्पताल अंबिकापुर रेफर किया गया। वहीं 7 अन्य घायलों का उपचार शंकरगढ़ सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में जारी है।
दुर्घटना की जानकारी मिलते ही जनपद पंचायत शंकरगढ़ के सीईओ वेद प्रकाश पांडे ने मृतकों के अंतिम संस्कार के लिए 5-5 हजार रुपए की आर्थिक सहायता प्रदान करने की घोषणा की। इधर हादसे में घायल मजदूरों ने बताया कि चालक की लापरवाही और तेज रफ्तार के कारण यह हादसा (Road accident in Shankargarh) हुआ। ग्रामीणों के अनुसार पिकअप में क्षमता से अधिक लोगों को बैठाया गया था।
घटना के बाद ग्रामीणों में पुलिस प्रशासन के प्रति नाराजगी भी देखने को मिली। ग्रामीणों का कहना है कि क्षेत्र में मालवाहक पिकअप वाहनों का उपयोग लंबे समय से मजदूरों और यात्रियों के परिवहन के लिए किया जा रहा है। यह नियमों के विरुद्ध होने के बावजूद ऐसे वाहनों पर प्रभावी कार्रवाई नहीं की जाती। ऐसे में वाहन मालिक और चालक बेखौफ होकर ओवरलोडिंग तथा तेज गति से वाहन चलाते हैं और आए दिन हादसे होते रहते हैं।
Updated on:
16 Jul 2026 05:16 pm
Published on:
16 Jul 2026 05:16 pm
