
Balrampur Road Accident: छत्तीसगढ़ के बलरामपुर में रविवार रात बाइक सवारों को कुचलते हुए तेज रफ्तार ट्रक सड़क किनारे पलट गया। हादसे में 3 लोगों की मौत हो गई। जबकि ट्रक का खलासी गंभीर रूप से घायल है। वहीं, एक अन्य हादसे में पिकअप की टक्कर से युवक ने दम तोड़ दिया। दोनों हादसे राजपुर थाना क्षेत्र में हुए हैं।
यह घटना जिले के राजपुर-बलरामपुर मुख्य मार्ग एनएच 343 पर रविवार की रात भेड़ाघाट मोड़ के पास हुई है। जहां एक ट्रक बाइक को टक्कर मारने के बाद पेड़ से टकराकर पलट गया। इस हादसे में बाइक सवार युवक व उसकी बड़ी मां , ट्रक चालक की मौत हो गई। ट्रक का क्लीनर घायल हुआ है। उसे अंबिकापुर के मेडिकल कालेज अस्पताल में शिफ्ट किया गया है।
थाना प्रभारी भारद्वाज सिंह ने बताया कि रविवार की रात ग्राम गढ़वा निवासी रतन केसरी (32) अपनी बड़ी मम्मी उषा देवी (60) के साथ बाइक में राजपुर बबलू केसरी के यहां जन्मदिन मनाने के लिए आ रहे थे। रास्ते में भेड़ाघाट मोड़ पुल के पास रायपुर से लोहे का एंगल लेकर बिहार जा रहे ट्रक ने बाइक को टक्कर मार दी। फिर अनियंत्रित होकर सडक़ किनारे पेड़ से टकराकर पलट गया। इस हादसे में बाइक चालक रतन केसरी, उसकी बड़ी मम्मी उषा देवी व ट्रक चालक गम्हरिया औरंगाबाद(बिहार) निवासी बबलू यादव (33) की मौके पर ही मौत हो गई।
हादसे में ट्रक के पहिए के नीचे आने से रतन केसरी और उषा देवी की मौके पर मौत हो गई। सूचना मिलने पर पुलिस पहुंची और ट्रक में फंसे चालक औरंगाबाद निवासी बबलू यादव (32) और परिचालक अभय कुमार (22) को निकालकर अस्पताल पहुंचाया। जहां बबलू को डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया।
परिचालक अभय कुमार को प्राथमिक इलाज के बाद मेडिकल कॉलेज अंबिकापुर रेफर किया गया है। उसके सिर, सीने और शरीर के अन्य हिस्सों में गंभीर चोटें आई हैं। राजपुर थाना प्रभारी भारद्वाज सिंह ने बताया कि, ट्रक लोहे के सरिए लादकर रायपुर की ओर से आ रहा था।
वहीं दूसरा हादसा भी राजपुर क्षेत्र में हुआ। देर रात पैदल जा रहे राजपुर निवासी मंजीत एक्का (34) को पिकअप ने टक्कर मार दी। हादसे के बाद पिकअप लेकर चालक भाग निकला। घायल को पुलिस ने अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। पुलिस सीसीटीवी की मदद से पिकअप की तलाश कर रही है।
Updated on:
26 Jun 2024, 7:52 AM IST
Published on:
25 Jun 2024, 8:21 AM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.