
NH road, नेशनल हाइवे की सडक़ कीचड़ में तब्दील (Photo- Patrika)
राजपुर। अंबिकापुर-रामानुजगंज राष्ट्रीय राजमार्ग-343 (Ambikapur-Ramanujganj NH) निर्माणाधीन है। ग्राम बरियों के समीप निर्माणाधीन सडक़ को लेकर जिला प्रशासन द्वारा एक प्रेस विज्ञप्ति जारी किया गया है। इसमे कहा गया है कि मार्ग को सुगम बनाने के लिए तेजी से सुधार कार्य किया जा रहा है। लेकिन जमीनी हकीकत कुछ और ही कहानी कह रहे हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि मौके पर अब भी कीचड़, दलदल और भारी वाहनों के फंसने की समस्या बनी हुई है, जिससे आवागमन प्रभावित हो रहा है। जिला प्रशासन की ओर से जारी जानकारी में बताया गया है कि कलेक्टर चंदन संजय त्रिपाठी के निर्देश पर संबंधित विभाग द्वारा मौके पर जीएसबी कार्य प्रारंभ किया गया है।
इस संबंध में जब विभाग के एसडीओ (NH SDO) निखिल लकड़ा से बातचीत की गई तो उन्होंने बताया कि लगातार बारिश के कारण पुल-पुलिया के समीप एप्रोच रोड पर डब्ल्यूएमएम लेयर का कार्य पूरा नहीं हो सका है। मौसम अनुकूल होते ही शेष कार्य प्राथमिकता के आधार पर पूरा किया जाएगा। उन्होंने बताया कि सडक़ की स्थिति पर लगातार निगरानी रखी जा रही है।
इधर उक्त मार्ग (National Highway) पर आवागमन करने वाले वाहन चालकों और स्थानीय नागरिकों का कहना है कि मार्ग पर कई स्थानों पर अब भी कीचड़ और दलदल की स्थिति बनी हुई है। भारी वाहनों के फंसने से यातायात प्रभावित हो रहा है और छोटे वाहनों के चालकों को भी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। जब तक निर्माण कार्य पूरी गुणवत्ता और समय सीमा में पूरा नहीं हो जाता, तब तक स्थायी समाधान संभव नहीं है।
इधर बलरामपुर-रामानुजगंज जिले के बरियों भाजपा मंडल अध्यक्ष जितेंद्र जायसवाल ने नेशनल हाइवे क्रमांक-343 पर स्थित बरियों मार्ग की हालत को लेकर नाराजगी जताई है। उन्होंने कहा कि विभाग द्वारा सडक़ मरम्मत (Road repairing) कार्य को लेकर जो जानकारी सार्वजनिक की जा रही है, वह जमीनी हकीकत से मेल नहीं खाती। मौके पर अब भी कीचड़, दलदल और खराब सडक़ है।
इस वजह से राहगीरों को परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने कहा कि किसी भी निर्माण कार्य के दौरान संबंधित एजेंसी का दायित्व होता है कि निर्माण कार्य की अवधि, एजेंसी का नाम, लागत तथा अन्य आवश्यक जानकारी सूचना बोर्ड के माध्यम से सार्वजनिक की जाए, लेकिन इस मामले में एनएच विभाग द्वारा ऐसा नहीं किया गया है।
भाजपा मंडल अध्यक्ष जितेंद्र जायसवाल ने मांग की कि जब तक स्थायी निर्माण कार्य (NH Construction) पूरा नहीं हो जाता, तब तक विभाग तत्काल वैकल्पिक मरम्मत कर आवागमन सुचारू करे। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि एनएच विभाग शीघ्र प्रभावी कदम नहीं उठाता है और राहगीरों की समस्या का समाधान नहीं किया जाता, तो स्थानीय नागरिकों के साथ मिलकर आंदोलन किया जाएगा, जिसकी पूरी जिम्मेदारी संबंधित विभाग की होगी।
Updated on:
23 Jul 2026 03:50 pm
Published on:
23 Jul 2026 03:49 pm
