
Car accident
रामानुजगंज. ठंड में सोमवार की रात घर के बाहर आग ताप रही महिलाएं उस समय बाल-बाल बच गईं, जब तेज रफ्तार एक कार वहां पहुंच गईं। कार को अपनी ओर आते देख महिलाएं जान बचाकर भाग निकलीं। इस दौरान कार घर के बाहर रखे सामान में टकराकर रुक गई। हादसे में कार भी क्षतिग्रस्त हो गई। कार ग्रामीण बैंक के मैनेजर की है जिसे उनका ड्राइवर चला रहा था।
रामानुजगंज-बलरामपुर मार्ग पर वार्ड क्रमांक-13 में टेंट हाउस संचालक अजय प्रजापति का घर है। सोमवार की रात लगभग 8.30 बजे घर की महिलाएं आग ताप रही थीं। इसी दौरान सरगुजा ग्रामीण बैंक के मैनेजर अभिषेक यादव अपने चालक के साथ कार से रामानुजगंज से बलरामपुर की ओर आ रहे थे।
वे टेंट हाउस संचालक के घर के पास पहुंचे ही थे कि मोड़ पर ड्राइवर वाहन पर नियंत्रण नहीं रख सका और कार रोड छोड़कर घर के सामने रखे सामान से टकरा गई। इस दौरान आग ताप रहीं महिलाएं कार की चपेट में आने से बाल-बाल बच गईं।
कार की टक्कर से जहां दीवार व टेंट का सामान क्षतिग्रस्त हो गया, वहीं कार भी क्षतिग्रस्त हो गई। यदि कार घर में घुस जाती तो बड़ा हादसा हो जाता।
Published on:
27 Nov 2018 07:29 pm
