
Balrampur Crime, पुलिस द्वारा गिरफ्तार किए गए आरोपी (Photo- Patrika)
वाड्रफनगर। बलरामपुर-रामानुजगंज जिले के वाड्रफनगर मेन मार्केट स्थित अरविंद ज्वेलर्स में शटर तोडक़र लाखों के चांदी के आभूषण चोरी करने के मामले का बलरामपुर पुलिस (Balrampur Police) ने खुलासा कर दिया है। पुलिस ने मामले में बिहार के रोहतास जिले से जुड़े अंतरराज्यीय गिरोह के 7 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे और निशानदेही से करीब 14.175 किलो चांदी की सिल्ली, घटना में प्रयुक्त पिकअप वाहन, मोटरसाइकिल, मोबाइल फोन, सब्बल और नकदी बरामद की गई है। आरोपियों ने चांदी की ज्वेलरी को गलाकर 14 किलो की सिल्ली बना ली थी। इसे बेचने की फिराक में थे। पुलिस ने बुधवार को आरोपियों को न्यायालय में पेश किया, जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया।
बलरामपुर-रामानुजगंज जिले के वाड्रफनगर निवासी अरविंद सोनी की मार्केट में अरविंद ज्वेलर्स नाम से दुकान है। 16 अगस्त की रात दुकान बंद करने के बाद संचालक घर चले गए थे। 17 अगस्त की सुबह दुकान खोलने पहुंचे तो शटर का लॉक टूटा मिला। अज्ञात चोरों ने शटर तोडक़र भारी मात्रा में चांदी के आभूषण तथा करीब 18 हजार नकद चोरी (Theft in jewellery shop) कर ले गए थे। घटना की रिपोर्ट पर वाड्रफनगर चौकी पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण करने के साथ ही सीसीटीवी फुटेज और तकनीकी विश्लेषण के आधार पर संदिग्धों की पहचान की।
आरोपियों का संबंध बिहार के रोहतास जिले के दिनारा थाना क्षेत्र से सामने आने के बाद उनकी गिरफ्तारी और चोरी का माल बरामद करने के लिए पुलिस अधीक्षक वैभव बैंकर के निर्देश पर बसंतपुर थाना प्रभारी निरीक्षक जितेन्द्र सोनी के नेतृत्व में थाना प्रभारी चलगली और साइबर सेल की संयुक्त टीम बिहार रवाना की गई। टीम ने दिनारा पुलिस की सहायता से संदिग्ध आरोपियों को हिरासत में लेकर पूछताछ की। पूछताछ में आरोपियों ने वारदात में शामिल होना स्वीकार किया।
पुलिस की पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि 15 अगस्त को सभी एक राय होकर वाड्रफनगर क्षेत्र में पहुंचे थे। आरोपी सोनू कुमार चौधरी के पिकअप वाहन क्रमांक बीआर 26 जीसी 3631 से गिरोह के सदस्य (Gang member) वाड्रफनगर आए, जबकि एक बाइक क्रमांक एमएच 15 केआर 7977 का भी इस्तेमाल किया गया। आरोपियों ने 15 अगस्त से 16 अगस्त के बीच क्षेत्र की रेकी की।
इसके बाद 16 अगस्त की रात दुकान बंद होने के बाद मौका देखकर वारदात को अंजाम दिया। आरोपियों ने सब्बल से अरविंद ज्वेलर्स का शटर तोड़ा और दुकान के भीतर घुसकर चांदी व गिल्ट के आभूषण चोरी कर लिए। चोरी के बाद आरोपी अपने घरों की ओर फरार हो गए।
जांच में यह भी सामने आया कि चोरी किए गए चांदी के आभूषणों को दिनारा निवासी आरोपी सुनील कुमार सोनी को करीब 60 हजार रुपए प्रति किलोग्राम की दर से बेचने की योजना थी। सोनू कुमार चौधरी और शंकर चौधरी की निशानदेही पर पुलिस ने सुनील कुमार सोनी के कब्जे से चोरी के आभूषण (Silver jewellery) बरामद किए। पूछताछ में चोरी की चांदी को गलाकर उसकी सिल्ली बनाने की बात भी सामने आई। पुलिस ने आरोपी के घर से करीब 14.175 किलोग्राम चांदी की सिल्ली बरामद कर जब्त कर ली।
गिरफ्तार आरोपियों (Rohtas gang) में सोनू कुमार चौधरी (21), शंकर चौधरी (55), नरेंद्र चौधरी (40), लीलू चौधरी (19), राजकुमार चौधरी (20), अंगद चौधरी (24) और सुनील कुमार सोनी (38) शामिल हैं। इनमें अधिकांश आरोपी रोहतास जिले के दिनारा थाना क्षेत्र के रहने वाले हैं। पुलिस ने वारदात में इस्तेमाल पिकअप वाहन, बाइक, सब्बल, मोबाइल और 1000 रुपए नकद भी जब्त किए हैं।
कार्रवाई में निरीक्षक जितेन्द्र सोनी, कुमार चंदन सिंह, हिम्मत सिंह, एसआई विमलेश सिंह, पीएसआई मनीष साहू, लक्ष्मेश्वर कश्यप, गोकुल धु्रव, अजय साहू सहित पुलिस टीम और साइबर सेल के आरक्षकों की भूमिका रही।
Updated on:
26 Aug 2026 09:02 pm
Published on:
26 Aug 2026 09:02 pm
