लोकसभा चुनाव 2019 ज्यों ज्यों नजदीक आ रहा है नेताओं तथा मंत्रियों के बोल भी बिगड़ते जा रहे हैं। ताजा मामला जनपद बलरामपुर में समाजवादी पार्टी द्वारा आयोजित भाजपा हटाओ देश बचाओ रैली के दौरान समाजवादी पार्टी सरकार में कैबिनेट मंत्री रहे पंडित सिंह ने अपने संबोधन के दौरान तमाम असंवैधानिक भाषाओं का प्रयोग मुख्यमंत्री से लेकर प्रधानमंत्री तक के विषय में कर डाला। पंडित सिंह का कहना था कि 2019 में मोदी सरकार गिरने के बाद योगी को पटक कर रातोंरात समाजवादी सरकार बनाई जाएगी और भाजपा के तमाम नेताओं तथा कार्यकर्ताओं के ऊपर जबरन मुकदमा लिखवा कर उनसे बदला लिया जाएगा। हमारी सरकार होगी, हमारा ही राज्यपाल होगा और हमारा ही कानून होगा। उन्होंने भारतीय जनता पार्टी के सांसदों तथा विधायकों को चोर व बेईमान बताते हुए कहा कि जिस तरह आज सपा कार्यकर्ताओं पर फर्जी मुकदमे लगाए जा रहे हैं उसी प्रकार 2019 के बाद योगी को पटक कर भाजपा विधायकों को तोड़कर जब हमारी सरकार बनेगी तो सभी भाजपा नेताओं, कार्यकर्ताओं पर खुलकर मुकदमे लिखाए जाएंगे।