
बलरामपुर से संदिग्ध आतंकवादी गिरफ्तार (X Photo)
Balrampur News: उत्तर प्रदेश एटीएस (ATS) ने बलरामपुर से एक युवक को गिरफ्तार किया है, जिस पर पाकिस्तान की खुफिया एजेंसी आईएसआई (ISI) के इशारे पर भारत विरोधी गतिविधियों में शामिल होने का आरोप है। एटीएस के मुताबिक आरोपी सोशल मीडिया के जरिए पाकिस्तानी गैंगस्टर शहजाद भट्टी और आबिद जट्ट के नेटवर्क से जुड़कर भारत में स्लीपर सेल तैयार करने और युवाओं को आर्थिक लालच देकर कथित आतंकी साजिश का हिस्सा बनाने की कोशिश कर रहा था। फिलहाल आरोपी से पूछताछ जारी है और मामले की जांच की जा रही है।
एडीजी कानून-व्यवस्था अमिताभ यश ने बताया कि एटीएस को खुफिया जानकारी मिली थी कि बलरामपुर निवासी शहरोज पाकिस्तानी गैंगस्टर शहजाद भट्टी के नेटवर्क के साथ जुड़कर देश-विरोधी गतिविधियों में संलिप्त है और किसी आतंकी घटना को अंजाम देने की योजना बना रहा है। सूचना मिलने के बाद एटीएस ने बलरामपुर जिले के थाना गैंसड़ी क्षेत्र के ग्राम जमधरा निवासी शहरोज अहमद को गिरफ्तार कर लिया। फिलहाल उससे पूछताछ की जा रही है और उसके संपर्कों की जांच की जा रही है।
जांच एजेंसी के अनुसार, शहरोज का संपर्क आईएसआई एजेंट जसवीर चौधरी से फेसबुक के जरिए हुआ था। इसके बाद वह व्हाट्सएप, मैसेंजर और सिग्नल जैसे एनक्रिप्टेड मैसेजिंग प्लेटफॉर्म पर भी सक्रिय हो गया। एटीएस का आरोप है कि इन माध्यमों के जरिए वह राष्ट्र विरोधी गतिविधियों में शामिल हुआ।
एटीएस के मुताबिक, आरोपी के संबंध पाकिस्तानी गैंगस्टर शहजाद भट्टी और आबिद जट्ट के नेटवर्क से भी जुड़े पाए गए हैं। जांच में यह भी सामने आया है कि इस नेटवर्क के जरिए भारतीय युवाओं को आर्थिक लालच देकर अपने साथ जोड़ने की कोशिश की जा रही थी। एजेंसी का कहना है कि यह पूरी गतिविधि देश की सामाजिक सौहार्द, एकता, अखंडता, संप्रभुता और सुरक्षा को नुकसान पहुंचाने की कथित साजिश का हिस्सा थी।
एटीएस आरोपी के मोबाइल, सोशल मीडिया अकाउंट और डिजिटल रिकॉर्ड की जांच कर रही है। साथ ही यह भी पता लगाया जा रहा है कि उसके संपर्क में और कौन-कौन लोग थे तथा क्या इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की भी भूमिका है। जांच एजेंसी का कहना है कि पूछताछ और डिजिटल साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
Updated on:
20 Jul 2026 10:08 pm
Published on:
20 Jul 2026 10:07 pm
