14 मई 2026,

गुरुवार

Patrika Logo
Switch to English
home_icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

जारी रहेंगी पुरानी योजनाएं : सीएम

नए मंत्रिमंडलीय सहयोगियों के साथ बैठक के बाद बोले

2 min read
Google source verification
hdk

जारी रहेंगी पुरानी योजनाएं : सीएम

बेंगलूरु. गठबंधन सरकार के भागीदार जद-एस तथा कांग्रेस पार्टी ने पूरे पांच सालों तक राज्य को एक स्थिर व प्रभावी सरकार देने का वादा किया है। मुख्यमंत्री एच.डी. कुमारस्वामी तथा उपमुख्यमंत्री जी. परमेश्वर ने बुधवार को यहां मंत्रिमंडल की अनौपचारिक बैठक में भाग लेने के उपरांत संयुक्त प्रेस वार्ता में विभागों के बंटवारे को लेकर गठबंधन के घटक दलों में मतभेदों को खारिज करते हुए कहा कि यह सब कुछ मीडिया का किया धरा है।
कुमारस्वामी ने कहा कि वे किसी भी विवाद या मतभेद को स्थान दिए बगैर सरकार का मार्गदर्शन करेंगे और उनका लक्ष्य लोगों का विश्वास जीतना व राज्य में स्वच्छ व प्रभावी प्रशासन देने का का है।

गठबंधन के घटक दलों व सभी विधायकों को साथ लेकर चलना उनके लिए महत्वपूर्ण है। गठबंधन सरकार में शुरुआत में कुछ मतभेद सामान्य बात है। हालांकि नए मंत्रिमंडल की घोषणा करने में थोड़ा विलंब जरूर हुआ है, पर दोनों दल पूरी तरह से एकजुट हैं और एक स्थिर सरकार देंगे जो अपना पांच सालों का कार्यकाल पूरा करेगी।

2008 में जब भाजपा अपने बलबूते पर सत्ता में आई थी तो उसे भी बहुत सारी समस्याओं व विरोधों का सामना करना पड़ा था और यहां तक कि कुछ पार्टी कार्यकर्ताओं ने उग्र प्रदर्शन करने के साथ ही सरकारी बसों तक को जला दिया था। उन्होंने कहा कि परमेश्वर व उनको शपथ लेने के बाद लगातार काम करना पड़ा, अब मंत्रिमंडल का गठन हो गया है लिहाजा अब से आगे सब कुछ सामान्य हो जाएगा।

कुमारस्वामी ने कहा कि पूर्ण मंत्रिमंडल के अभाव के बावजूद हमने प्रशासन को ठप नहीं पडऩे दिया और उन्होंने तथा उपमुख्यमंत्री ने अनेक ज्वलंत समस्याओं विशेषकर भारी बारिश से उत्पन्न बाढ़ की स्थिति व बेंगलूरु शहर में सड़कों के गड्ढों की समस्याओं को हल करने के लिए अधिकारियों के साथ अनेक बैठकें बुलाकर समाधान तलाशा है। उपमुख्यमंत्री जी. परमेश्वर ने इस अवसर पर कहा कि लोगों को समझना चाहिए कि यह एक गठबंधन सरकार है और कोई भी निर्णय करने से पहले विचार विमर्श की जरूरत होती है।

हमने आपसे पहले ही वादा किया है कि यह एक बहुत ही प्रभावी सरकार होगा जो जन हितकारी नीतियां बनाकर लागू करेगी। उन्होंने कहा कि नए मंत्रियों को विभागों के बंटवारे की घोषणा देर रात तक या गुरुवार को कर दी जाएगी। कांग्रेस पार्टी ने 6 मंत्री पद रिक्त रखे हैं और कांग्रेस विधायक दल में जो वास्तव में हकदार हैं, उनको अगले विस्तार में मंत्री बनाया जाएगा। इस बीच, कुमारस्वामी ने भरोसा दिलाया कि वे पिछली सिद्धरामय्या सरकार के कल्याणकारी कार्यक्रम जारी रखेंगे। जल्द ही एक समन्य समिति गठित कर ली जाएगी और न्यूनतम साझा कार्यक्रम भी जल्द तैयार कर लिया जाएगा और सरकार इसी के आधार पर काम करेगी।

किसानों का ऋण माफ करने के मसले पर मुख्यमंत्री ने कहा कि विभिन्न बैंकोंं के साथ विचार विमर्श पहले ही शुरू कर दिया गया है और सरकार जल्द ही अपनी ऋण माफी योजना का खुलासा करेगी। कुमारस्वामी ने पिछले सप्ताह कहा था कि राज्य सरकार पहले चरण में लघु व सीमांत किसानों का ऋण माफ करने की योजना का 15 दिनों में खुलासा करेगी।