
बेंगलूरु. विधानसभा चुनाव के लिए नामांकन प्रक्रिया के तीसरे दिन शुक्रवार को मुख्यमंत्री सिद्धरामय्या और पूर्व मुख्यमंत्री एच डी कुमारस्वामी सहित कई नेताओं ने नामांकन पत्र भरे। मंगलवार को अधिसूचना जारी होने के साथ ही नामांकन की प्रक्रिया शुरु हुई थी लेकिन शुक्रवार को 'शुभ' माने जाने के कारण अधिक संख्या में नामांकन पत्र दाखिल हुए। मुख्य चुनाव अधिकारी कार्यालय के मुताबिक अब राज्य में 224 विधानसभा क्षेत्रों के लिए 708 उम्मीदवारों ने नामांकन पत्र दाखिल हुए हैं। इसमें कांग्रेस के 177, भाजपा के 142 और जद (ध) के 110 उम्मीदवार शामिल हैं। 208 निर्दलीय उम्मीदवारों ने भी नामांकन पत्र दाखिल किए हैं।
मुख्यमंत्री सिद्धरामय्या ने मैसूरु जिले की चामुंडेश्वरी और जनता दल(ध) के प्रदेश अध्यक्ष कुमारस्वामी ने रामनगर जिले की दो सीटों-चन्नपट्टणा और रामनगर से नामांकन पत्र दाखिल किया। प्रदेश कांग्रेस कार्यकारी अध्यक्ष दिनेश गुंडूराव ने बेंगलूरु के गांधीनगर, कांग्रेस उम्मीदवार डॉ यतींद्र ने वरुणा से नामांकन पत्र दाखिल किया। सिद्धरामय्या ने नामांकन पत्र दाखिल करने से पहले मैसूरु में चामुंडी पहाड़ी पर चामुंडेश्वरी मंदिर में बेटे और वरुणा से उम्मीदवार डॉ यतींद्र के साथ पूजा-अर्चना की और उसके बाद चुनाव अधिकारी के कार्यालय जाकर नामांकन पत्र दाखिल किया। चामुंडेश्वरी से जद(ध) के उम्मीदवार व विधायक जी.टी. देवेगौड़ा ने भी शुक्रवार को नामांकन पत्र भरा।
कलबुर्गी जिले के सेडम से मंत्री डॉ शरणप्रकाश पाटिल और चित्तापुर से प्रियांक खरगे ने कांग्रेस और अफजलपुर से भाजपा के मालिकेय्या गुत्तेदार ने नामांकन पत्र भरा। जद(ध) के जी.टी. देवेगौड़ा ने चामुंडेश्वरी, मंत्री एच. एम. रेवण्णा ने रामनगर जिले की चन्नपट्टणा, भाजपा के सी.टी.रवि ने चिकमगलूरु, कुमार बंगारप्पा ने सोरब से नामांकन पत्र दाखिल किए।
बेंगलूरु के शिवाजी नगर से भाजपा के कट्टा सुब्रमण्या नायडू, राजाजीनगर से एस सुरेश कुमार, बोम्मनहल्ली से सतीश रेड्डी, चिकपेट से उदय गरुड़ाचार, महालक्षमी ले-आउट से नरेंद्र बाबू, दासरहल्ली से मुनिराजू ने नामांकन पत्र भरा। शहर के महालक्ष्मी ले-आऊट से जनता दल (ध) के के. गोपालय्या, यशवंतपुर से जवराय गौड़ा, तुमकूरु जिले की मधुगिरी से एम. वी. वीरभद्रय्या, शिवमोग्गा ग्रामीण से शारदा पूर्वानायक, हेब्बाल से एम. हनुमंतेगौड़ा, बसवनगुड़ी से के.बागेगौड़ा ने अपने नामांकन पत्र भरे।
भाजपा उम्मीदवार के तौर पर मैसूरु के कृष्णराजा से एस ए रामदास, बसवनगुड़ी से रवि सुब्रमण्या, बागलकोट जिले के मुधोल गोविन्द कारजोल, कागवाड़ से भरमागौड़ा एच कागे, रायबाग से दुर्योधन आईहोले, बेलहोंगल से डा. एच. विश्वनाथ पाटिल, संडूर से बी.राघवेन्द्र, होसदुर्गा से गुल्लीहट्टी शेखर,होसकोटे से शरत बच्चेगौड़ा, बैटरायनपुर से आर. रवि, शांतिनगर से वासुदेव मूर्ति, जमखंडी से श्रीकांत कुलकर्णी, शिरहट्टी से रामण्णा लमाणी, तीर्थहल्ली से अरगा ज्ञानेन्द्र,सागर से हरताल हालप्पा ने नाामांकन पत्र दाखिल किए।
कांग्रेस उम्मीदवार के तौर पर नागमंगला से एन. चेलुवरायस्वामी , चामराजपेट सीट से कांग्रेस के बी.जेड. जमीर अहमद खान, बेलगावी ग्रामीण से लक्ष्मी हेब्बालकर तथा यमकनमरडी से सतीश जारकीहोल्ली ने नामांकन पत्र भरे। 24 अप्रेल नामांकन पत्र भरने की अंतिम तारीख है। 25 को नामांकन पत्रों की जांच होगी और 27 अप्रेल नाम वापस लिए जा सकेंगे।
Published on:
21 Apr 2018 05:14 pm
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.
