
बागीदौरा : ठेकेदार ने मशीन को बंद कर अधूरा छोड़ा सड़क का कार्य। फोटो पत्रिका
Atal Path : बांसवाड़ा के बागीदौरा उपखंड मुख्यालय में अगोरिया से मिनी बस स्टैंड तक करीब एक करोड़ रुपए की लागत से बन रही अटल पथ सीसी सड़क का निर्माण कार्य धीमी गति के कारण लोगों की परेशानी का कारण बन गया है। करीब छह महीने पहले शुरू हुआ यह काम अब तक रफ्तार नहीं पकड़ पाया है।
स्थिति यह है कि सड़क की एक पट्टी का निर्माण भी पूरा नहीं हो सका है। बीच-बीच में काम बंद होने और होली से पहले सड़क खोदकर छोड़ देने से मार्ग संकरा हो गया है, जिससे दिनभर जाम की स्थिति बनी रहती है और वाहन चालकों के साथ आसपास के लोगों को भी परेशानी झेलनी पड़ रही है।
स्थानीय लोगों के अनुसार ठेकेदार कुछ समय तक निर्माण कार्य करता है और फिर कई दिनों तक काम बंद कर देता है। वर्तमान में भी होली से पहले सड़क का काम रोक दिया गया था, जो करीब 15 दिन बाद भी दोबारा शुरू नहीं हो पाया है। इससे अधूरी सड़क लोगों की समस्या बन गई है।
अधूरी सड़क के कारण एक तरफ की पट्टी बंद है और दूसरी तरफ से ही आवागमन हो रहा है। इससे मार्ग संकरा हो गया है और दिनभर जाम की स्थिति बनी रहती है। वाहन चालकों को खासा परेशान होना पड़ रहा है।
होली से पहले ठेकेदार ने कई मकानों के सामने सड़क खोदकर छोड़ दी। करीब पंद्रह दिन बीतने के बाद भी स्थिति जस की तस बनी हुई है। ऐसे में घरों से बाहर निकलने और भीतर प्रवेश करने के दौरान लोगों को दुर्घटना का डर बना रहता है।
जनवरी माह में भी ठेकेदार ने करीब 20 दिनों तक निर्माण कार्य बंद कर दिया था। उस समय न्यायालय बागीदौरा ने मामले में संज्ञान लेते हुए संबंधित अधिकारियों को कार्रवाई के निर्देश दिए थे। कुछ समय तक काम चला, लेकिन अब फिर निर्माण कार्य ठप हो गया है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि करीब एक किलोमीटर लंबी इस सीसी सड़क का निर्माण छह माह में पूरा हो जाना चाहिए था, लेकिन धीमी गति के कारण अभी तक एक पट्टी भी तैयार नहीं हो सकी है। लोगों ने कार्य की गति बढ़ाकर सड़क जल्द पूरा कराने की मांग की है।
निर्माण कार्य : अटल पथ सीसी सड़क
मार्ग : अगोरिया से मिनी बस स्टैंड, बागीदौरा
अनुमानित लागत : करीब 1 करोड़ रुपए
लंबाई : लगभग 1 किलोमीटर
निर्माण अवधि : करीब 6 माह से कार्य जारी
स्थिति : एक पट्टी भी पूरी नहीं, काम कई बार बंद।
Published on:
15 Mar 2026 11:17 am
बड़ी खबरें
View Allबांसवाड़ा
राजस्थान न्यूज़
ट्रेंडिंग
