21 मई 2026,

गुरुवार

Patrika Logo
home_icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

CM Bhajanlal : बांसवाड़ा में सीएम भजनलाल बोले- कुछ नेता आलू से सोना बनाते हैं, मैं किसानों को पानी दूंगा

CM Bhajanlal : सीएम भजनलाल शर्मा ने कुशलगढ़ क्षेत्र के चुड़ादा गांव में आयोजित ग्राम विकास रात्रि चौपाल में विपक्ष पर तंज कसते हुए कहा कि ‘कुछ नेता आलू से सोना बनाते हैं। मैं आलू से सोना नहीं बना सकता हूं।’

2 min read
Google source verification
CM Bhajanlal said Banswara Some leaders make gold potatoes I will give water farmers

कुशलगढ़ क्षेत्र के चुड़ादा गांव में मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा। फोटो पत्रिका

CM Bhajanlal : मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने बुधवार शाम कुशलगढ़ क्षेत्र के चुड़ादा गांव में आयोजित ग्राम विकास रात्रि चौपाल में विपक्ष पर तंज कसते हुए कहा कि ‘कुछ नेता आलू से सोना बनाते हैं। मैं आलू से सोना नहीं बना सकता, लेकिन किसानों को पानी उपलब्ध जरूर करवाऊंगा।’ सीएम भजनलाल ने कहा कि मक्का की सबसे बेहतर गुणवत्ता डूंगरपुर और बांसवाड़ा में है। सरकार गढ़ी में मक्का प्रोसेसिंग यूनिट स्थापित कर रही है, कोल्ड स्टोरेज चेन को भी मजबूत किया जा रहा है।

उन्होंने पशुपालकों को पांच रुपए प्रति लीटर अतिरिक्त दूध प्रोत्साहन राशि देने की घोषणा भी दोहराई। मुख्यमंत्री ने चौपाल में महिला सशक्तिकरण पर विशेष जोर दिया। चौपाल के पहले चरण में मुख्यमंत्री ने केवल राजीविका से जुड़ी लखपति दीदियों से संवाद कर उनके अनुभव सुने।

कुछ लोग युुवाओं को भड़का रहे हैं…

सीएम भजनलाल ने बिना नाम लिए दक्षिण राजस्थान में लगातार बढ़ रहे राजनीतिक दल पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि कुछ लोग युवाओं को भड़काकर गलत दिशा में ले जाने का काम कर रहे हैं, लेकिन जनता की सेवा करना उन्हें आता नहीं। सीएम ने युवाओं से सतर्क रहने की अपील करते हुए कहा कि राज्य सरकार किसानों और युवाओं के विकास के लिए दिन-रात कार्य कर रही है।

किसान ने रखी तारबंदी योजना की पीड़ा

संवाद के दौरान एक किसान ने कम जमीन होने के कारण तारबंदी योजना का लाभ नहीं मिलने की समस्या रखी। इस पर सीएम भजनलाल ने आश्वासन दिया कि किसानों की हर समस्या का समाधान सरकार प्राथमिकता से करेगी।

बांसवाड़ा राजस्थान का कश्मीर

सीएम भजनलाल ने कहा कि बांसवाड़ा राजस्थान का कश्मीर है। यहां के प्राकृतिक सौंदर्य के बल पर हम पर्यटन को बढ़ावा दे सकते हैं। वागड़ की खूबसूरती का उपयोग हम कैसे कर सकते हैं, यह देखना होगा।

राजनीति से पारित नहीं होने दिया महिला आरक्षण बिल

सीएम भजनलाल ने कहा कि प्रधानमंत्री ने नारी शक्ति वंदन अधिनियम के जरिए लोकसभा और विधानसभा में 33 प्रतिशत आरक्षण की शुरूआत की। अधिनियम को और सशक्त करने की प्रधानमंत्री ने हाल ही में पहल की, लेकिन विपक्ष ने राजनीति के चलते बिल को संसद में पारित नहीं होने दिया।

पांच-पांच किसान, युवा व महिलाओं से संवाद

सीएम भजनलाल ने पांच किसान, पांच युवा एवं पांच महिलाओं से संवाद किया। महिलाओं ने आत्मनिर्भर बनने की अपनी प्रेरक कहानियां साझा कीं। उन्होंने बताया कि आधुनिक सुविधाएं मिलने पर उनके उत्पाद राष्ट्रीय स्तर तक पहुंच सकते हैं। मुख्यमंत्री ने महिला स्वयं सहायता समूहों को आर्थिक रूप से मजबूत बनाने की प्रतिबद्धता दोहराते हुए राजीविका की लखपति दीदियों को सात करोड़ रुपए के चेक भी वितरित किए।

पहनी आदिवासी बंडी

स्थानीय कलाकारों ने आदिवासी अंचल के पारंपरिक लोक नृत्य के साथ मुख्यमंत्री का स्वागत किया। आदिवासी बंडी (जैकेट) एवं तीर-कमान भेंटकर उनका अभिनंदन भी किया गया। सीएम ने बांस से बने उत्पाद मुड्ढे पर बैठकर ही जनसंवाद किया। सभी के लिए मंच पर बांस के मुड्ढे ही लगाए गए।

ये भी थे मौजूद

जनजाति क्षेत्रीय विकास मंत्री बाबूलाल खराड़़ी, सहकारिता मंत्री गौतम दक, गढ़ी विधायक कैलाश मीणा, पूर्व मंत्री धनसिंह रावत, भाजपा जिलाध्यक्ष पूंजीलाल गायरी।