
Good News : रक्षा मंत्रालय के अधीन संचालित नेशनल कैडेट कोर के विस्तार योजना के तहत बांसवाड़ा संभाग मुख्यालय पर एनसीसी बटालियन खुलेगी। एनसीसी अधिकारी लेफ्टिनेंट मुकेश पंड्या ने बताया कि गुरुवार को 10 राज बटालियन एनसीसी उदयपुर के कमांडिंग आफिसर कर्नल विपुल बाया ने जिला अतिरिक्त कलक्टर अभिषेक गोयल से मिलकर जमीन आवंटन और अस्थाई भवन के संबंध में चर्चा की।
इस संबंध में जिला प्रशासन ने एनसीसी बटालियन के लिए 25 बीघा जमीन आवंटन का प्रस्ताव तैयार कर लिया गया है और शीघ्र ही एनसीसी के लिए जमीन आवंटित कर दी जाएगी । कमांडिंग आफिसर कर्नल विपुल बाया ने बताया कि इस क्षेत्र में एनसीसी खुलने से सशस्त्र सेनाओं में करियर बनाने में युवाओं का रुझान बढ़ेगा। वर्तमान में बांसवाड़ा जिले में चार कॉलेज वह चार स्कूलों में एनसीसी संचालित हो रही है। जबकि, जिले के अन्य महाविद्यालय और स्कूलों में एनसीसी यूनिट खोलने के लिए आवेदन कर रखा है। बटालियन खुलने से अधिकांश स्कूल और महाविद्यालय में एनसीसी खुलने की रहा आसान होगी।
इस अवसर पर कर्नल बाया ने गोविंद गुरु जनजाति विश्वविद्यालय के कुलपति प्रोफेसर केशव सिंह ठाकुर से भी मुलाकात की। कुलपति ने बटालियन खोलने के लिए भवन देने की भी बात कही। इसके बाद कर्नल विपुल बाया, लेफ्टिनेंट मुकेश पंड्या, सूबेदार मेजर अजय कुमार, लेफ्टिनेंट फतेह सिंह भगोरा, सेकंड ऑफिसर ललित कुमार, हवलदार राजेश कुमार ने प्रस्तावित जमीन का मुआयना किया। इसके पूर्व कमांडिंग ऑफिसर ने लियो कॉलेज, न्यू लुक कॉलेज, गोविंद गुरु राजकीय महाविद्यालय का निरीक्षण किया।
Updated on:
30 Nov 2024, 1:03 PM IST
Published on:
30 Nov 2024, 1:03 PM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.