
बड़ी खबर : कुशलगढ़ मरीजों के संपर्क में आए बांसवाड़ा शहर के 9 लोग, आइसोलेशन वार्ड में कराया भर्ती
बांसवाड़ा. जिला मुख्यालय के महात्मा गांधी अस्पताल में एक दिन खाली बीतने के बाद गुरुवार को कुशलगढ़ से मिली एक सूचना पर एक के बाद एक संदिग्धों को लाने का सिलसिला चल पड़ा। यहां दोपहर से शाम तक नौ जने मुस्लिम कॉलोनी और नई आबादी क्षेत्र से लाकर भर्ती किए गए। इसके अलावा अहमदाबाद से आए एक जने को छोटी सरवन से भेजे जाने पर उसका भी नमूना लिया गया। पीएमओ डॉ. नंदलाल चरपोटा ने बताया कि कुशलगढ़ में डटी उदयपुर के मेडिकल कॉलेज और विभागीय टीम को संकेत मिले कि कुशलगढ़ में आयोजित एक सामूहिक भोज में बांसवाड़ा से भी कुछ लोग गए थे। इस पर रेपिड रेस्पोंस टीम के डॉ. समीर, डॉ. जिमेश पंड्या और डॉ. अश्विन पाटीदार की टीम ने पुलिस की मदद से टोह ली गई, तो दो कॉलोनियों से 6 लोग सामने आए। इससे पहले डॉ. नीलेश परमार की टीम ने मुस्लिम कॉलोनी में उन लोगों की तलाश की जो कुशलगढ़ की संदिग्ध महिला को बांसवाड़ा लाने पर यहां उसके परिजनों को भोजन देने से संपर्क में आए। बाद में इन तीन लोगों को भी अस्पताल लाकर भर्ती किया गया। उधर, छोटी सरवन बीसीएमएचओ डॉ. गणेश मईड़ा को इत्तला मिली कि दस दिन पहले अहमदाबाद से लौटे एक युवक को सर्दी, जुकाम के साथ तेज बुखार है। मुआयने पर मामला संदेहास्पद प्रतीत हुआ, तो युवक को बांसवाड़ा लाया गया। इसके बाद उसका भी सेंपल लिया गया। इन सभी को आइसोलेशन और जेरियाट्रिक वार्ड में भर्ती किया गया है। अब इनकी रिपोर्ट आने पर वस्तुस्थिति स्पष्ट होगी।
Published on:
10 Apr 2020 10:52 am
बड़ी खबरें
View Allबांसवाड़ा
राजस्थान न्यूज़
ट्रेंडिंग
