
बांसवाड़ा/गनोड़ा। जिले के मोटागांव थाना इलाके के बूढ़ा और बस्सी आड़ा गांव के बीच सोमवार सुबह एक गर्भवती का शव बरामद हुआ। मौके पर पहुंचे पुलिस अधिकारियों ने प्रारंभिक जांच पड़ताल में इसे बलात्कार के बाद गला दबाकर हत्या का मामला माना है।
शव बरामद होने पर इलाके में सनसनी फैल गई और मौके पर लोगों की भीड़ एकत्रित हो गई। मौके पर पहुंचे अधिकारियों ने डॉग स्क्वायड एवं एफएसएल की टीम को बुलाया। इस टीम ने काफी देर तक घटना स्थल से कई जानकारिया एकत्रित की और नमूनों को सुरक्षित किया।
इसके साथ ग्रामीणों की मदद से शव को महात्मा गांधी चिकित्सालय पहुंचाया गया और पोस्टमार्टम के बाद परिजनों को सौंपा। दो बार गला दबाया गया पुलिस ने अपनी प्रारंभिक जांच पड़ताल के आधार पर बताया कि मृतका गर्भवती थी। प्रथम दृष्टया उसके साथ बलात्कार हुआ और संभवत उसका पहले हाथों से गला दबाया गया। इसके बाद चुन्नी से दोबारा गला दबाया गया है।
एक किलोमीटर तक दौड़ा डॉग
वारदात स्थल से बूढ़ा गांव की तरफ करीब एक किलोमीटर दूर तक नहर किनारे किनारे तक डॉग गया। पुलिस को मौके से पेन एवं अन्य सामग्री भी बरामद हुई है। इसके अलावा पुलिस को मौके से चिट्ठियां भी बरामद हुई हैं, जिनमें कई नामों का जिक्र भी है। एक मोबाइल नंबर लिखा होने के साथ एक नटवर नाम के शख्स का नाम भी लिखा हुआ है।
पति से था विवाद
परिजनों के अनुसार मृतका की शादी करीब एक साल पहले हुई थी, लेकिन पति से विवाद होने की वजह से लंबे समय से अपने ससुराल नहीं जा रही थी। इस मामले में युवती के भाई ने पुलिस को रिपोर्ट सौंपी है।
मजदूरी के लिए निकली लेकिन घर नहीं लौटी
युवती के भाई ने पुलिस को सौंपी रिपोर्ट में बताया कि मृतका प्रतिदिन गनोड़ा जाती थी। रविवार को मजदूरी के लिए निकली तो वापस घर नहीं लौटी। वह कई बार स्थित अपनी बुआ के घर भी रुक जाया करती थी। रविवार रात जब वह घर नहीं लौटी तो परिजन यह सोच कर रह गए कि वह अपनी बुआ के घर रुक गई होगी। इसके बाद सुबह ग्रामीणों से सूचना मिली कि उसका शव गांव से करीब चार पांच किलोमीटर दूर पड़ा हुआ है।
Updated on:
22 Jul 2019, 6:44 PM IST
Published on:
22 Jul 2019, 6:40 PM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.