
गौरव यात्रा के बीच अचानक सभी कार्यक्रम छोडकऱ यहां पहुंची सीएम राजे, गमगीन माहौल में बांसवाड़ा से किया प्रस्थान
बांसवाड़ा. घाटोल. मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे की राजस्थान गौरव यात्रा ने बांसवाड़ा में अपने तीन दिन का पड़ाव बुधवार दोपहर में पूरा कर लिया। दो दिन तक उत्साह उमंग के माहौल में चली यात्रा का तीसरा दिन कुछ गमगीन माहौल के बीच पूरा हुआ। मुख्यमंत्री ने केवल घाटोल में सभा की और प्रतापगढ़ प्रस्थान कर गई। सभा में मुख्यमंत्री के निशाने पर कांग्रेस ही रही और उन्होंने भामाशाह योजना की खिलाफत के लिए कांग्रेस को जमकर आड़े हाथों लिया और जनता का आह्वान किया कि वे ऐसे लोगों को सत्ता पर काबिज न होने दें।
जिले के गढ़ी विधानसभा क्षेत्र के भाजपा विधायक जीतमल खांट के पुत्र के निधन के बाद माहौल गमगीन हो गया। मुख्यमंत्री ने तब बांसवाड़ा शहर में अपने स्वागत के सभी कार्यक्रम रद्द कर दिए। वह गढ़ी विधायक के पैतृक गांव पहुंची और वहां शोक संतप्त परिवार के प्रति अपनी संवेदना व्यक्त की। इसके बाद वह घाटोल की सभा में पहुंची। सभा में मुख्यमंत्री ने अपनी सरकार की जन कल्याणकारी योजनाओं का उल्लेख किया और कांग्रेस को निशाने पर लेते हुए मुख्यमंत्री राजे ने कहा कि कांग्रेस के नेता कहते हैं कि वे सरकार में आए तो भामाशाह योजना बंद कर देंगे।
नारी शक्ति को समर्पित वे उस योजना को बंद करना चाहते हैं जिसने दुनिया में पहली बार महिला को परिवार की मुखिया बनाया है। क्या आप चाहते हैं भामाशाह योजना बंद हो? यदि नहीं तो ऐसे लोगों को सत्ता पर काबिज मत होने दो जो महिलाओं को आत्म निर्भर बनाने वाली योजनाओं को बंद करने की बात करे। कांग्रेस ऐसी पार्टी है जिसने 50 साल झूठ के सहारे शासन किया। आदिवासियों के कल्याण के लिए वादे तो खूब किए लेकिन कुछ नहीं किया।समारोह के बाद मुख्यमंत्री ने विभिन्न योजनाओं के 21 लाभार्थियों को स्वीकृति आदेश प्रदान किए।
लाभार्थियों के खाते में सीधी राशि
सभा को संबोधित करते हुए गृहमंत्री गुलाबचंद कटारिया ने कहा कि जनधन योजना के तहत प्रदेश में पहली बार पांच करोड़ खाते खोले और सरकारी योजनाओं की राशि सीधे इन खातों स्थानांतरित करते हुए लाभार्थियों तक पहुंचाया गया। उन्होंने कहा कि मौजूदा सरकार ने पहली बार सभी ग्राम पंचायतों में उच्च माध्यमिक विद्यालय खोलकर प्रत्येक बच्चे को शिक्षित करने का काम किया है।
वाहनों का जाम
सभा के बाद जब लोग वास निकले तो सडक़ का नजारा देखने लायक था। सैकड़ों की तादाद में लोगों के साथ ही वाहनों की कतारे लग गई और लोगों को वहां से निकलने में काफी मशक् कत करनी पड़ी।
सभा के बाद जनता से मिली, किया प्यार दुलार
मुख्यमंत्री की सभा के लिए बड़ी तादाद में ग्रामीण पहुंचे। सभा स्थल छोटा पड़ गया। पांडाल खचाखच भरा था। वहीं, टीले, सडक़ों और पेड़ों पर चढ़ कर लोगों ने मुख्यमंत्री का भाषण सुना। सभा के बाद मुख्यमंत्री मंच से उतर कर जनता के बीच पहुंची और लोगों से मिली, बात की, बालिकाओं को प्यार दुलार किया और हाथ मिलाकर लोगों का अभिवादन किया।
सभा में यह भी की घोषणाएं
84 हजार शिक्षको कि भर्ती और की जाएगी। टीएसपी क्षेत्र में आदिवासी लोगों को पचास यूनिट बिजली मुफ्त दी जाएगी।
Published on:
09 Aug 2018 12:38 pm
