
बांसवाड़ा जिले में बंद पड़ा पुराना फिटनेस सेंटर (पत्रिका फोटो)
Banswara RTO News: बांसवाड़ा: वाहनों में फिटनेस के नाम पर होने वाली गड़बड़ी और सड़कों पर चलने वाले वाहनों को सुरक्षित और पर्यावरण के अनुकूल बनाए रखने के लिए सरकार ने पुराने फिटनेस सेंटरों को बंद कर दिया है। सिर्फ नए एटीएस (ऑटोमेटिक टेस्टिंग स्टेशन) को ही वाहनों के फिटनेस करने की अनुमति दी जा रही है। इधर, बांसवाड़ा जिले में फिटनेस जांच के नए सिस्टम यानी एटीएस के नहीं होने के चलते वाहन चालकों को अजमेर तक दौड़ लगानी पड़ रही है और फिटनेस की फीस से ज्यादा पेट्रोल-डीजल पर चुकाने पड़ रहे हैं।
उल्लेखनीय है कि सुप्रीम कोर्ट के सख्त निर्देशों के बाद जिले में 15 जून से फिटनेस सेंटर बंद होने के कारण जिले में वाहनों का फिटनेस टेस्ट नहीं हो पा रहा है। जिले के अलावा अन्य आसपास के जिलों में पुराने फिटनेस सेंटर बंद किए जा चुके हैं।
वर्तमान में बांसवाड़ा सहित प्रतापगढ़, चित्तौड़गढ़ एवं उदयपुर संभाग पर भी एटीएस सिस्टम नहीं है। ऐसे में इन जिलों के वाहनों को अजमेर के फिटनेस सेंटर पर दौड़ लगानी पड़ रही है। इस दौड़ में वाहनों के फिटनेस टेस्ट शुल्क से ज्यादा खर्च वहां तक की दूरी तय करने में पेट्रोल-डीजल पर हो रहा है।
फिटनेस सेंटर आसपास के जिलों में नहीं होने एवं दूरी के कारण लगने वाले समय और पेट्रोल-डीजल खर्च के चलते वर्तमान में अधिकांश वाहन मालिक फिटनेस कराने से बच रहे हैं। बांसवाड़ा जिले में इन दिनों करीब एक हजार से अधिक वाहन बिना फिटनेस के दौड़ रहे हैं।
Updated on:
08 Jul 2026 03:00 pm
Published on:
08 Jul 2026 02:44 pm
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.
