
राजस्थान में मेघों की बरसी मेहर, मूसलाधार बरसात से वागड़ तरबतर
बांसवाड़ा. प्रदेश के दक्षिण में बसे वागड़ अंचल में मेघों ने मेहर बरसानी शुरू कर दी है। मंगलवार रात से शुरू मूसलाधार बारिश से बांसवाड़ा और डूंगरपुर दोनों जिले तर हो गए। बांसवाड़ा में सर्वाधिक वर्षा जगपुरा में दर्ज की गई। बांसवाड़ा में मंगलवार रात करीब 11 बजे से शुरू बारिश का दौर बुधवार सुबह नौ बजे तक जारी रहा। दस घंटे तक लगातार बारिश से नदी-नाले उफान पर आ गए। शहर के पाला क्षेत्र व क्रॉकरी मार्केट में पांच फीट से अधिक पानी भर गया। देर रात करीब 3 बजे मूसलाधार बरसात हुई। वहीं अलसुबह इसकी गति मंद हो गई और पूरे दिन मौसम सुहाना बना रहा। हालांकि बरसात नहीं होने से लोग उमस से परेशान रहे।
डूंगरपुर. राष्ट्रीय राजमार्ग संख्या आठ पर बिछीवाड़ा में सडक़ों पर दो से चार फीट पानी भरने से कई वाहन फंस गए। डीमिया बांध और वलोता बांध भी ओवरफ्लो हो गया है। इनके बैकवाटर क्षेत्र के कई मकान पानी व स्कूल भी पानी की जद में आ गए हैं। डूंगरपुर में एक दर्जन गांवों का मुख्य मार्ग से संपर्क टूट गया। निठाऊवा में छह इंच, वैंजा में चार इंच, देवल में तीन इंच और डूंगरपुर में दो इंच बारिश दर्ज की गई है।
यहां इतनी वर्षा
केंद्र मिमी
जगपुरा 100
घाटोल 89
भूंगड़ा 75
दानपुर 55
लोहारिया 45
बांसवाड़ा 23
केसरपुरा 19
गढ़ी 13
अरथुना 09
शेरगढ़ 08
बागीदौरा 04
तीन स्थानों पर ढही नवनिर्मित नाले की दीवार
बांसवाड़ा. राजस्थान अर्बन इंफ्रास्ट्रक्चर डवपलमेंट प्रोजेक्ट की ओर से नगर परिषद क्षेत्र में बनाए जा रहे नालों की पोल पहली बारिश ने ही खोलकर रख दी है। मंगलवार रात हुई बारिश के बाद अमरदीप नगर-शंखमंदिर क्षेत्र में तीन स्थानों पर नवनिर्मित नाला ढह गया। आरयूआईडीपी की ओर से नगर परिषद में नालों का नवनिर्माण और सुदृढ़ीकरण किया जा रहा है। इसके तहत खांदू कॉलोनी और आसपास के क्षेत्र से गुजरने वाले नालों को जोडऩे के लिए इन दिनों अमरदीप नगर और शंख मंदिर क्षेत्र में नाले का निर्माण हो रहा है। मंगलवार रात से बुधवार सुबह तक लगातार दस घंटे तक हुई बारिश के दौरान तीन स्थानों से नाला ढह गया।
Published on:
28 Jun 2018 12:51 pm
