बाड़मेर जिले में बीते वर्ष हर 21वें घंटे में सड़क हादसे में एक जने की मौत हुई है तो हर 13वें घंटे में एक गंभीर घायल हुआ है। बीते तीन वर्ष के आंकड़ों पर तुलनात्मक दृष्टि से गौर करें तो सड़क हादसों में मरने वालों की संख्या में निरंतर बढ़ोतरी हो रही है और हादसे थमने का नाम ही नहीं ले रहे हैं। सड़क हादसों में मौत का अधिकृत कारण तेज गति व लापरवाही ही बताया जाता है। मौत के इस कारण से कोई भी अनजान नहीं है, लेकिन न तो तेज गति पर अंकुश लग पा रहा है, न ही लापरवाही को कोई नियंत्रित कर पा रहा है।