
बाड़मेर में बड़े भाई ने छोटे भाई की हत्या की (पत्रिका फोटो)
Barmer Murder News: बाड़मेर जिले के शिव विधानसभा क्षेत्र के पुषड गांव में शुक्रवार को एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। जहां दो सगे भाइयों के बीच चल रहा आपसी विवाद खूनी संघर्ष में बदल गया। विवाद इस कदर बढ़ा कि बड़े भाई ने छोटे भाई पर जानलेवा हमला कर उसे मौत के घाट उतार दिया। इस सनसनीखेज वारदात के बाद पूरे गांव में शोक और दहशत का माहौल है।
जानकारी के अनुसार, पुषड गांव के रहने वाले दो सगे भाइयों जेठाराम और सुरेश के बीच लंबे समय से किसी बात को लेकर घरेलू विवाद चल रहा था। शुक्रवार को उसी बात को लेकर दोनों के बीच कहासुनी शुरू हुई।
देखते ही देखते यह बहस इतनी ज्यादा हो गई कि बड़े भाई जेठाराम ने आपा खो दिया और छोटे भाई सुरेश पर लाठी और धारदार हथियार से ताबड़तोड़ हमला कर दिया। हमले में सुरेश के सिर पर गंभीर चोटें आईं, जिसके कारण अत्यधिक खून बह जाने से उसकी मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई।
दिनदहाड़े हुए इस हत्याकांड की खबर जैसे ही गांव में फैली, चारों तरफ सनसनी फैल गई। देखते ही देखते घटनास्थल पर बड़ी संख्या में ग्रामीणों की भारी भीड़ जमा हो गई। ग्रामीणों ने तुरंत इसकी सूचना स्थानीय पुलिस को दी।
घटना की संवेदनशीलता को देखते हुए वृताधिकारी (डीएसपी) मानाराम गर्ग और थानाधिकारी मनोहर विश्नोई भारी पुलिस जाब्ते के साथ तुरंत मौके पर पहुंचे। पुलिस ने घटनास्थल का बारीकी से मौका-मुआयना किया और एफएसएल व अन्य तकनीकी टीमों की मदद से साक्ष्य जुटाए।
पुलिस ने मृतक सुरेश के शव को अपने कब्जे में लेकर शिव कस्बे के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र की मोर्चरी में रखवाया। इस मामले में एक भावुक और हैरान करने वाला मोड़ तब आया, जब मृतक के पिता तोगाराम ने खुद थाने पहुंचकर अपने बड़े बेटे जेठाराम के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज करवाया। पुलिस ने मृतक का पोस्टमॉर्टम करवाकर शव अंतिम संस्कार के लिए परिजनों को सुपुर्द किया।
Published on:
03 Jul 2026 05:08 pm
