7 मई 2026,

गुरुवार

Patrika Logo
Switch to English
home_icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

सुबह 11 बजे बुलाया, 4 घंटे इंतजार, दोपहर 3 बजे शुरू हुई काउंसलिंग

-शिक्षक काउंसलिंग में अव्यवस्थाओं का बोलबाला- योग्य अभ्यर्थियों व स्कूलों की सूची नहीं की ऑनलाइन - 50 अभ्यर्थियों की काउंसलिंग के बाद बदली वायरल सूची- छाया व पानी तक का इंतजाम नहीं - दिन भर भटकते रही महिलाएं व परिजन- 11 की बजाय 3 बजे शुरू हुई काउंसलिंग

2 min read
Google source verification
Called 11 o'clock morning, waiting 4 hours, started at 3 pm Counseling

Called 11 o'clock morning, waiting 4 hours, started at 3 pm Counseling

बाड़मेर. जिला परिषद की ओर से सोमवार को तृतीय श्रेणी शिक्षक भर्ती 2018 द्वितीय लेवल अंग्रेजी की काउंसलिंग में हर स्तर पर अव्यवस्था रही। योग्य अभ्यर्थियों व रिक्त पदों वाले विद्यालयों की सूची देर शाम तक जिला प्रशासन की वेबसाइट पर ऑनलाइन नहीं की गई। जबकि अन्य विषयों के अभ्यर्थियों की सूची ऑनलाइन हुई थी।

अभ्यर्थी पूर्व में वायरल सूची के आधार पर माथापच्ची करते रहे। उधर, 50 महिलाओं की काउंसलिंग के बाद परिवर्तन कर नई सूची चस्पा कर दी गई। इससे ऊंची मेरिट के बावजूद कई अभ्यर्थियों को पसंदीदा स्थान नहीं मिला।


जिला प्रशासन की वेबसाइट पर जारी सूचना के अनुसार जिले में द्वितीय लेवल अंग्रेजी के पदों पर दिव्यांगों, विधवा व परित्यक्ता व सभी सामान्य महिलाओं की काउंसलिंग सोमवार सुबह 11 बजे आरंभ होनी थी। इससे पहले जिला परिषद स्थित अटल सेवा केंद्र में सुबह 9 बजे से पंजीयन प्रारंभ होना था।

इसके लिए लगभग 300 महिलाएं व उनके परिजन प्रदेश के विभिन्न जिलों से सुबह ही जिला परिषद पहुंच गए। लेकिन पंजीयन तो दूर उन्हें जानकारी देने वाला ही नहीं था। करीब साढ़े दस बजे अटल सेवा केंद्र में पंजीयन प्रारंभ हुआ और एक बजे से काउंसलिंग शुरू होने की सूचना दी गई।
न छाया, न पानी

इतनी संख्या में प्रदेश के विभिन्न जिलों से महिलाओं व उनके परिजन के आने की पूर्व जानकारी के बावजूद जिला परिषद की ओर से काउंसलिंग स्थल पर छाया या पानी तक की व्यवस्था नहीं की गई। कुछ महिलाएं व परिजन जिला परिषद भवन में कुर्सियों व गैलरी में नीचे ही बैठ गए तो कार्मिकों ने बार-बार उन्हें बैठक का हवाला देकर बाहर निकाल दिया। महिलाएं कलक्ट्रेट परिसर में पेड़ों के नीचे या छाया में इधर-उधर बैठी रहीं।

एेन वक्त पर बदला स्थान
परिषद की ओर से लगभग तीन बजे काउंसलिंग का स्थान अटल सेवा केंद्र से बदल कर पंचायत समिति भवन करने की जानकारी दी गई। इसके बाद महिलाएं व परिजन जैसे-तैसे पंचायत समिति पहुंचे और वहां काउंसलिंग शुरू हुई।


एकाएक बदली विद्यालयों की सूची

लगभग 50 अभ्यर्थियों की काउंसलिंग होने के बाद परिषद की ओर से पंचायत समिति में रिक्त पदों वाले विद्यालयों की सूची चस्पा की गई। इसे देख अभ्यर्थी व परिजन की परेशानी बढ़ गई। सुबह से अभ्यर्थी जिस वायरल सूची के आधार पर विद्यालयों की वरीयता तय कर रहे थे उसके नाम इससे मेल नहीं खा रहे थे। विद्यालयों के क्रमांक से भी मिलान नहीं हो रहा था। इस पर अधिकांश अभ्यर्थियों ने कड़ी आपत्ति जताई पर वहां के कार्मिकों ने यह कहकर उन्हें शांत किया कि वे तो आदेशानुसार काम कर रहे हैं। सभी को नियुक्ति मिल सके इसलिए इस सूची में नाम जोड़े गए हैं।


पुरुष अभ्यर्थिंयों की काउंसलिंग आज

इस क्रम में सभी पुरुष अभ्यर्थियों की काउंसलिंग मंगलवार को होगी। इसके साथ ही जिले में तृतीय श्रेणी शिक्षक भर्ती की काउंसलिंग प्रक्रिया पूरी हो जाएगी। इससे जिले को लगभग 2 हजार नए शिक्षक मिलेंगे।