
10 रुपए का मास्क पहन लो, नहीं तो 500 का चालान
बाड़मेर. संक्रमण फैलने के बाद मास्क को लेकर सख्ती की पालना करवाने में पुलिसकर्मी जुट गए है। लोग सार्वजनिक स्थानों पर जाने से पहले मास्क लगाए इसके लिए पुलिस समझाइश के साथ सख्ती भी दिखा रही है। हालांकि पुलिस अभी सभी मामलों में चालान नहीं काट रही है, लेकिन फिर भी 10 रुपए का मास्क नहीं पहना है तो जुर्माने की राशि 500 रुपए ही निर्धारित है।
कोरोना की दूसरी लहर का असर नहीं हो इसके लिए मास्क पहनने पर जोर दिया जा रहा है। पुलिस आमजन और वाहन चालकों को इसकी पालना के लिए ट्रॉफिक पाइंट पर समझाइश कर रही है। पुलिसकर्मियों का कहना है कि अधिकांश लोगों के पास मास्क तो होता है, लेकिन फिर भी पहनते नहीं है। इसलिए अभी उन्हें समझा रहे हैं। नहीं मानने पर नियमानुसार चालान की कार्रवाई भी की जा रही है।
500 रुपए जेब में ही नहीं होते
चालान काटने में पुलिस की भी मजबूरी सामने आई है। कई वाहन चालक ऐसे भी होते हैं कि जब उनके खिलाफ चालान की कार्रवाई की जाती है तो उनके पास 500 रुपए होते ही नहीं है। ऐसे में पुलिस कार्रवाई नहीं करते हुए उसे मास्क पहनने की हिदायत देकर छोड़ रही है।
मास्क नहीं था तो दुकानों से करवाई खरीद
बाड़मेर शहर के अहिंसा सर्कल पर पुलिस की ओर से कार्रवाई के दौरान कई चालकों और राहगीरों के पास मास्क नहीं था। इस दौरान पुलिस ने उन्हें हिदायत दी कि आसपास की दुकान से मास्क खरीद कर पहनो। इसके चलते कई लोग दुकानों की ओर दौड़ते नजर आए।
Updated on:
27 Mar 2021 05:52 pm
Published on:
27 Mar 2021 05:52 pm
