अवैध शराब को ठिकानों तक पहुंचाने के लिए शराब तस्कर नए-नए तरीके अपना रहे है। टैंकर के बाद अब सीमेंट बल्गर टैंकर से भी अवैध शराब की खेप पहुंचाने की कोशिश की गई, जिसे आबकारी ने नाकाम कर दिया। टीम ने सीमेंट बल्गर टैंकर बरामद करते हुए करीब 34 लाख रुपए की अवैध शराब जब्त की है।जिला आबकारी अधिकारी दिनेश गहलोत ने बताया कि मुखबिर के जरिए अवैध शराब की खेप आने की सूचना पर स्टेट हाइवे 40 सिणधरी रोड पर कुड़ला के पास नाकाबंदी की गई। आबकारी निरीक्षक वृत्त बाड़मेर भंवरलाल व टीम ने नाकाबंदी के दौरान संदिग्ध लगने पर सीमेंट ब्लगर टैंकर को रुकवाया। चालक से टीम ने पूछताछ की तो कोई संतोषजनक जवाब नहीं मिला। तलाशी में ब्लगर के अंदर अवैध शराब की खेप मिलने पर जब्त करते हुए आबकारी कार्यालय लाया गया। टैंकर में मिली खेप में कुल 810 कार्टन अलग-अलग ब्रांड के पाए गए।