धोरीमन्ना ञ्च पत्रिका. कस्बे में ओवरब्रिज के निर्माण के साथ पानी निकासी का उचित प्रबंध नहीं करना अब ग्रामीणों के लिए भारी पड़ रहा है। एनएचएआई ने ओवरब्रिज का निर्माण तो हाईवे के वाहनों के कस्बे से निर्बाध आवागमन के लिए कर दिया लेकिन धोरीमन्ना कस्बे से पानी निकासी का उचित प्रबंध नहंीं होने का खामियाजा ग्रामीण भुगत रहे है। धोरीमन्ना कस्बे के एकतरफ पहाडिय़ा है और ढलान में पूरा कस्बा बसा है। यहां पानी निकासी की समस्या पूर्व में रही है लेकिन सड़क से पार कर पानी आगे निकल जाता और कुछ ही समय में कस्बे से पानी की निकासी हो जाती लेकिन ओवरब्रिज का निर्माण होने के बाद कस्बे के बीचो बीच एक ऐसी दीवार खड़ी हो गई है जो बारिश के दिनों में लोगों के लिए आफत बन गई है। थोड़ी बारिश होते ही पानी जगह-जगह ठहर जाता है। आगे निकलने को समुचित रास्ता नहीं मिलने से दुकानों के आगे और मुख्य बाजार में थोडी बारिश में भी पानी जमा रहता है। इस पानी की निकासी कई दिनों तक नहीं हो पाती है।