12 जून 2026,

शुक्रवार

Patrika Logo
home_icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

Rajasthan: महिला ग्राम विकास अधिकारी ने किराए के कमरे में की आत्महत्या, मौके पर पहुंची पुलिस

राजस्थान के बाड़मेर जिले से सनसनीखेज खबर सामने आई है, जहां एक महिला ग्राम विकास अधिकारी ने किराए के कमरे में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। सूचना के बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को नीचे उतरवाकर मॉर्च्युरी में रखवाया है, साथ ही परिजनों को सूचना दी गई है।

2 min read
Google source verification
VDO Ujala Verma

Barmer: मृतका उजला वर्मा (फोटो-पत्रिका नेटवर्क)

बाड़मेर। जिले के सेड़वा कस्बे में एक महिला ग्राम विकास अधिकारी (वीडीओ) द्वारा आत्महत्या किए जाने का मामला सामने आया है। घटना के बाद क्षेत्र में सनसनी फैल गई। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और आवश्यक कार्रवाई करते हुए शव को कब्जे में लेकर अस्पताल की मॉर्च्युरी में रखवाया। फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है और आत्महत्या के कारणों का पता लगाने का प्रयास कर रही है।

पुलिस के अनुसार, झुंझुनूं जिले की रहने वाली उजला वर्मा सेड़वा पंचायत समिति के अंतर्गत कुंदनपुरा ग्राम पंचायत में ग्राम विकास अधिकारी के पद पर कार्यरत थीं। उनके पास दो ग्राम पंचायतों का अतिरिक्त प्रभार भी था। मूल रूप से उनकी नियुक्ति कुंदनपुरा ग्राम पंचायत में थी। नौकरी के चलते वह सेड़वा उपखंड मुख्यालय पर एक किराए के मकान में रह रही थीं। उनके साथ एक अन्य युवती भी रहती थी, जो डाक विभाग में कार्यरत है।

दरवाजा नहीं खुलने पर हुई आशंका

बताया जा रहा है कि शुक्रवार दोपहर के समय उजला वर्मा घर पर अकेली थीं। इसी दौरान उन्होंने कमरे में फंदा लगाकर अपनी जीवनलीला समाप्त कर ली। शाम के समय कुछ परिचित और ग्रामीण उनसे मिलने पहुंचे, लेकिन काफी देर तक दरवाजा नहीं खुलने पर उन्हें अनहोनी की आशंका हुई। कई बार आवाज लगाने के बावजूद अंदर से कोई जवाब नहीं मिलने पर पुलिस को सूचना दी गई।

सूचना पर पहुंची पुलिस

सूचना पर पहुंची पुलिस ने स्थिति का जायजा लिया और महिला अधिकारी की रूम पार्टनर तथा रिश्तेदारों को मौके पर बुलाया। उनकी मौजूदगी में दरवाजा खोला गया तो उजला वर्मा का शव फंदे से लटका मिला। इसके बाद पुलिस ने शव को नीचे उतरवाकर सेड़वा अस्पताल की मॉर्च्युरी में भिजवाया।

परिजनों को दी गई सूचना

पुलिस अधिकारियों ने बताया कि मृतका मूल रूप से झुंझुनूं जिले की रहने वाली थी। घटना की जानकारी मृतका के परिजनों को दे दी गई है। उनके पहुंचने के बाद पोस्टमार्टम सहित अन्य कानूनी प्रक्रियाएं पूरी की जाएंगी। प्रारंभिक जांच के दौरान मौके से कोई सुसाइड नोट बरामद नहीं हुआ है। ऐसे में आत्महत्या के पीछे के कारण फिलहाल स्पष्ट नहीं हो पाए हैं। पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए मामले की गहन जांच कर रही है।

जयपुर में नर्सिंगकर्मी ने की आत्महत्या

दूसरी तरफ आज जयपुर SMS अस्पताल के बाहर चल रहे प्रदर्शन के दौरान एक नर्सिंगकर्मी ने अपने कमरे में जहरीले पदार्थ का सेवन कर लिया, जिसकी इलाज के दौरान मौत हो गई।